आजमगढ़। खेती में रोजगार बढ़ाने की कवायद में सरकार कई योजनाएं लेकर आ रही है। इसी के तहत जिले के किसानों के लिए अनुदान पर खेती की योजना है। अगर किसान बेहतर प्रदर्शन करते हैं, तो उन्हें अन्य बाहर भी खेती की जानकारी देने के लिए भेजा जाएगा। ताकि उत्तर प्रदेश के साथ अन्य प्रदेशों के किसान भी आत्मनिर्भर बन सकें तथा रोजगार के साधन अपना सकें।
योजना के तहत चयन के लिए किसान जिला उद्यान अधिकारी के यहां आवेदन कर सकते हैं। इसमें दो फोटो, खतौनी की नकल के साथ आवेदन करना है। जिला उद्यान अधिकारी संदीप उपाध्याय, वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक महेंद्र सिंह की देखरेख में किसानों का चयन किया जाएगा। इसके बाद क्षेत्रीय उद्यान प्रभारियों को इसकी सूची प्रदान की जाएगी। उद्यान प्रभारी सर्वेक्षण करने के बाद किसानों को बीज और खाद उपलब्ध कराएंगे। किसानों को केवल खेती करनी होगी। इसके लिए किसानों को कृषि विज्ञान केंद्र कोटवा में प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। अनुदान पर लहसुन के लिए 50 हेक्टेयर, गेंदा की खेती के लिए 35 हेक्टेयर, कट फ्लावर के लिए 30 हेक्टेयर और शंकर मिर्च की खेती के लिए 35 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अगर किसान बेहतरीन पैदावर देते हैं, तो उन्हें अनुदान के साथ-साथ पुरस्कृत भी किया जाएगा। इसके बाद उन्हें प्रदेश के अन्य जनपदों में ऐसी खेती को बढ़ावा देने के लिए भेजा जाएगा