आजमगढ़। जहानागंज थाने के जनकपुर गांव निवासी बेरोजगार वीरेंद्र राजभर पिछले दिनों से अखबार में प्रकाशित चेहरा पहचानो इनाम पाओ के चक्कर में फंस कर लाखों के इनाम के प्रलोभन में आ कर 24 हजार रुपये गवा दिया। कंपनी ने इनाम देने के नाम पर वीरेंद्र से अपने खाते में 24 हजार पांच सौ रुपये धोखाधड़ी कर डलवा लिया, लेकिन इनाम नहीं दिया। इस पर वीरेंद्र राजभर ने जहानागंज थाने में कंपनी के एमडी जावेद अंसारी समेत तीन अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है।
वीरेंद्र के अनुसार सात नवंबर को वाराणसी से प्रकाशित एक अखबार में चेहरा पहचानो, इनाम पाओ विज्ञापन पढ़ कर कंपनी के मोबाइल नंबर काल कर हीरो अजय देवगन की पहचान बताई। इस पर कंपनी ने सही जवाब मिलने पर प्रथम विजेता होने की सूचना दी और फोन कर कहा कि चाहे, तो सफारी गाड़ी ले सकते हो या फिर नगद 12 लाख 80 हजार कैश ले सकते हो। बशर्ते कागजात तैयार करने के लिए कंपनी के खाते में 24,500 रुपये डालने होंगे। इस पर वीरेंद्र ने चेहरा पहचानो, इनाम पाओ कंपनी के खाते में 24,500 रुपये जमा कर दिया। खाते में पैसा जमा करने के बाद कंपनी ने कहा कि एनओसी कागज बनवाने का 18 हजार और जमा करना पड़ेगा। इसके बाद 10 मिनट में 12 लाख 80 हजार कैश भेज दिया जाएगा। इस तरह कंपनी ने वीरेंद्र को इनाम देने के नाम पर 75 हजार कैश जमा करने को कहा।