आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के लछीरामपुर गांव के पास शुक्रवार की शाम को मनबढ़ों की पीटाई से घायल हुए युवक के होश में आने के बाद पुलिस ने उसकी तहरीर पर दो लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की। युवक के होश में आने पर स्पष्ट हुआ कि हमलावर कोई और नहीं उसके गोल गैंग के थे।
शहर कोतवाली प्रभारी संतोष शर्मा के मुताबिक युवक राजकुमार राय (25) पुत्र जूठन राय सिधारी थाना क्षेत्र के मतौली गांव का रहने वाला है और हेरोइन पीने का आदती है। शुक्रवार की शाम शहर कोतवाली क्षेत्र के लछीरामपुर गांव से लौटते समय राजकुमार को रास्ते में कुछ लोगों ने बाजार के पास रोक कर बेरहमी से मारापीटा। और उसके ऊपर बाइक भी चढ़ा दी। बेहोशी की हालत में राजकुमार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सघन इलाज के बाद देर रात उसे होश आया।
होश में आने के बाद शनिवार को राजकुमार राय ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें दो नामजद और कुछ अज्ञात को दर्ज कराया है। दूसरी तरफ सीओसिटी बबलू कुमार ने कहा कि वह इस मामले की जांच करेंगे कि आखिर दोस्तों ने उसे इतनी बेरहमी से क्यों पीटा, घटना के पीछे कारण क्या है। सूत्रों की मानें तो राजकुमार राय को महज तीन दिन पूर्व पुलिस ने उठाया था। इससे पूछताछ के बाद छोड़ दिया और कुछ नशे के कारोबारियों को पकड़ा। बाद में उन्हें भी छोड़ दिया। इस बात से नाराज होकर कारोबारियों द्वारा राजकुमार की बेरहमी से पिटाई की गई है। सूत्रों की मानें तो युवक को जहां पीटा गया, वहीं की रहने वाली एक महिला इस गोरखधंधे में लिप्त है। उसकी शह पर शुक्रवार की शाम यह घटना हुई।