आजमगढ़। बिजली-पानी को लेकर शहर के पांडेय बाजार तिराहे पर शुक्रवार की सायं सात बजे और शनिवार को अपराह्न लोग सड़क पर उतर आए और चक्का जाम कर दिया। सूचना पाकर नगर कोतवाली पुलिस व नपा प्रशासन मौके पर पहुंचा और आश्वासन देकर जाम समाप्त करवाया।
पिछले तीन-चार दिनों पूर्व दलसिंगार मोहल्ले में लगा ट्रांसफार्मर जला हुआ है। इसकी वजह से पूरे क्षेत्र में आपूर्ति ठप है। कृष्ण जन्माष्टमी के दौरान भी बिजली की आपूर्ति सुचारु नहीं रही। इससे आक्रोशित नागरिक पांडेय बाजार तिराहे पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया। जाम की सूचना पाकर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और नागरिकों समझाबुझाकर चक्काजाम समाप्त कराया। रातभर बिजली न होने से बिलबिला रहे लोगों को सुबह उठते ही पानी का संकट उत्पन्न हो गया। बिन पानी के लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही। लोगों ने शनिवार दोपहर तक बिजली का इंतजार किया, लेकिन जब बिजली ठीक नहीं हुई और पानी न आने से नागरिक साढ़े बारह बजे के करीब सड़क पर दूसरी बार उतर आए। जाम की सूचना पाकर नगर पालिका अध्यक्ष इंदिरा जायसवाल के पुत्र अभिषेक जायसवाल दीन्रू व नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और नागरिकों को समझा-बुझाकर आधा घंटा में जाम समाप्त करवा दिया। उन्होंने विद्युत विभाग केअधिकारियों से बात की, इसके बाद जले ट्रांसफार्मर की जगह नया ट्रांसफार्मर लगाने की कवायद शुरू हुई।