लाटघाट/ बलरामपुर। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अंजान शहीद गांव निवासी एक युवक को सोमवार की शाम गांव के कुछ मनबढ़ युवकों ने गोली मार दी। इस दौरान बीच बचाव करने गए वसीम के पड़ोसी को भी मारपीटकर घायल कर दिया। हत्या के पीछे दो दिन पूर्व बर्फ खरीदने के दौरान हुए विवाद को बताया जाता है। घटना के बाद बदमाश हवाई फायर करते हुए भाग निकले।
गौरतलब है कि जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अंजान शहीद गांव निवासी वसीम अहमद (20) पुत्र मजीद अहमद का दो दिन पूर्व अंजान शहीद बाजार से बर्फ लाने के दौरान गांव के कुछ युवकों से विवाद हो गया। परिजनों के मुताबिक उस समय दूसरे पक्ष के लोग वसीम पर भारी पड़ गए। लेकिन सोमवार की दोपहर में वसीम बदला लेने के लिए युवकों से भिड़ गया। हालांकि ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया। इसीक्रम में देर शाम को दूसरे पक्ष का युवक अपने मित्रों के संग वसीम के घर पर उस समय धमक पड़ा जब परिवार के लोग नमाज पढ़ने के लिए गए। हमलावर युवक ने दरवाजे पर बैठे वसीम को गाेली मार दी। इस दौरान वसीम का पड़ोसी नदीम अख्तर वहां पहुंच हमलावरों को रोकने का प्रयास किया। लेकिन हमलावर युवकों ने उसे भी लाठी डंडे से पीट कर घायल कर दिया। साथ ही तोड़फोड़ कर उसकी बाइक आदि को क्षतिग्रस्त कर दिया। भागने के दौरान बदमाशों ने हवा में कई राउंड गोलियां दागीं। गोली चलने की आवाज सुन वसीम के घर की महिलाएं बाहर निकलीं तो वसीम की हालत देख धाड़ मारने लगीं। आनन-फानन में वसीम को कअस्पताल लाया गया। लेकिन यहां परीक्षण के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके पिता खाड़ी देश में रहते हैं। घटना के बाबत जीयनपुर कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि दो दिन पूर्व हुए विवाद के चलते गोली मारी गई है। हालांकि अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मौके पर मौजूद रही। मृत युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।