गोसाईं की बाजार। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मसीरपुर गांव के पास सोमवार की सुबह जाइलो के चपेट में आने से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई वहीं उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने जाइलो सहित चालक को दौड़ा कर धर दबोचा और ब्रेकर की मांग को लेकर चक्का जाम कर दिया। जाम की खबर मिलने पर मौके पर पहुुंचे देवगांव कोतवाल ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाबुझा कर किसी तरह जाम समाप्त कराया। इस दौरान लगभग आधे घंटे तक आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप रही।
गंभीरपुर थाने के मई खरगपुर गांव निवासी 65 वर्षीय दुखी पुत्र स्व.स्वारथ पासवान और 45 वर्षीय शोभल पुत्र लौहर रविवार की सुबह एक ही साइकिल पर सवार हो कर लालगंज जा रहे थे। शोभल साइकिल चला रहा था और वृद्ध दुखी पीछे बैठा था। मसीरपुर गांव के पास पहुंचते ही पीछे से तेज गति से आ रही जाइलो गाड़ी ने टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही साइकिल का अगला चक्का जाइलो के सेफ्टी गार्ड में फंस गया। शोभल टक्कर लगते ही छटक कर दूर जा गिरा। जबकि साइकिल में फंसे दुखी को जाइलो 50 मीटर दूरी तक घसीट ले गई। वृद्ध दुखी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि शोभल घायल हो गया। वृद्ध की मौत होते ही ग्रामीणों ने चालक को दौड़ा कर पकड़ लिया और उसकी धुनाई कर दी। आए दिन हो रहे दुर्घटनाओं में मौत से आक्रोशित ग्रामीण ब्रेकर की मांग को लेकर शव के साथ रोड जाम कर दिया। चक्का जाम से आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। लगभग आधे घंटे बाद देवगांव कोतवाली प्रभारी वाईपी सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर ब्रेकर का निर्माण कराने का आश्वासन दिया, तब कहीं जाकर ग्रामीण सड़क से दूर हटे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा जाइलो सहित चालक को गिरफ्तार कर लिया।