पल्हना/बलरामपुर। तरवां थाने के बांस गांव में रविवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के पिता ने दहेज के लिए मारपीटकर बेटी को घायल करने और गला दबाकर मार डालने का आरोप लगाते हुए उसके ससुरालवालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज मामले में अपने दामाद सहित उसके माता-पिता और बहन को आरोपित किया है। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है। घटना के बाद से आरोपी घर छोड़कर फरार हैं।
मऊ जिले के रानीपुर गांव निवासी प्रेमचंद ने अपनी पुत्री संतबाला (26) की शादी तरवां थाने के बांस गांव निवासी दीपक के साथ की थी। बीते वर्ष जून माह में शादी होने के बाद से ही संतबाला अपनी ससुराल में थी। रविवार की रात उसकी संदिग्धहाल में मौत हो गई। घटना के बाद परिवार के लोग घर छोड़कर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने मृतका के पिता को सूचना दी। जानकारी होने पर पिता प्रेमचंद, उसकी मां कौशिल्या देवी गांव के अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मृतका की मां कौशल्या देवी और पिता प्रेमचंद का आरोप है कि आरोपियों ने पहले लाठी-डंडे और धारदार हथियार से प्रहार कर उसकी पुत्री को घायल कर दिया। बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी । संतबाला के गले में रस्सी के निशान भी थे। पीड़ित मां-बाप का आरोप है कि शादी के बाद से ही आरोपी उससे दहेज की मांग करते हुए प्रताड़ित कर रहे थे।