आजमगढ़। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बीते चौबीस घंटे में सात दुर्घटना हुई। इसमें जहां एक वृद्ध की मौत हुई। वहीं तेरह लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां डाक्टरों ने दो की हालत गंभीर बताई।
कप्तानगंज कस्बे के पास शुक्रवार की सुबह अनियंत्रित आटो रिक्शा के धक्के से वृद्ध घायल हो गया। परिवार के सदस्य वृद्ध को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए लेकिन अस्पताल पहुंचने से पूर्व ही उसकी मौत हो गई। मृत वृद्ध अयूब हक (70) कप्तानगंज कस्बे का निवासी था। घटना के समय वह कही जाने के लिए एक आटो रिक्शा में सवार हो रहा था। तभी एक अन्य आटोरिक्शा ने उसे धक्का मार दिया। इसी क्रम में रानी की सराय थाना क्षेत्र के रोआं गांव के पास शुक्रवार की सुबह दो बाइको की टक्कर हो गई। दोनों बाइको पर सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों में गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मोहिद्दीनपुर गांव निवासी रामनरायन (22), शिवलाल (35) तथा दूसरी बाइक पर सवार शहर कोतवाली के हरकुलभरपुर गांव निवासी मुलायम यादव (22), दिनेश यादव (25) हैं। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहां बाजार में शुक्रवार की शाम बस के गेट में फंसकर युवक घायल हो गया। युवक कौशल (22) गंभीरपुर थाना क्षेत्र के अब्दुलल्लापुर गांव का निवासी है। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के छनछुला गांव में स्थित कालीचौरी मंदिर के पास गुरुवार की शाम अनियंत्रित बाइक पलट जाने से उस पर सवार युवक घायल हो गया। घायल सुशील (18) धनछुला गांव का निवासी है। जहानागंज थाना क्षेत्र के गोधौरा गांव के पास शुक्रवार की सुबह दो बाइको की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में एक बाइक पर सवार तीन लोग घायल हुए। घायल गुड्डू (25), श्रीनाथ (26), परशुराम (25) को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी जहानागंज थाना क्षेत्र के बसगीत गांव के निवासी हैं। तीनों एक बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के चकलाल गांव में गुरुवार की शाम अनियंत्रित बाइक के धक्के से दो बालक घायल हो गए। घायलों में चकलाल गांव निवासी सुहाल (8) पुत्र सुरजीत, मैनूद्दीन (10) पुत्र सलाउद्दीन शामिल है। दोनों सड़क के किनारे शौच कर रहे थे। जहानागंज थाना क्षेत्र के चक्रपानपुर बाजार के पास गुरुवार की शाम अनियंत्रित बाइक पलट जाने से युवक घायल हो गया। घायल युवक विजय (20) जहानागंज थाना क्षेत्र के बडैरा गांव का निवासी है।