आजमगढ़। स्थानीय रेलवे स्टेशन अधीक्षक कार्यालय में गुरुवार को स्टेशन सलाहकार समिति की बैठक की गई। बैठक में समिति के सदस्यों ने रेलवे स्टेशन पर रेल सेवा विस्तार पर चर्चा की और बेहतर सेवा के लिए सुझाव दिया।
समिति के सदस्य एसके सत्येन ने कहा कि स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि समय से काम पूरा हो सके। इसके अलावा उन्होंने आनंद बिहार से मऊ तक चलने वाली ट्रेन को सुपर फास्ट का दर्जा देते हुए प्रतिदिन चलाए जाने की मांग उठाई। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि वाराणसी, गोरखपुर की ट्रेनों की सूची आजमगढ़ स्टेशन पर भी लगाई जाए। इस संबंध्ा में उन्होंने कहा कि इससे आजमगढ़ के लोगों को बाहर जाने वाले के लिए वाराणसी और गोरखपुर से ट्रेन पकड़ने में आसानी हो जाएगी।
उन्होंने वाशिंग पिट के पास अतिरिक्त लाइन की व्यवस्था की जाए, ताकि अन्य गाड़ियों की देख-रेख तथा सफाई की व्यवस्था हो सके। समिति के सदस्य सुरेश शर्मा ने सुझाव दिया कि बंद पड़े शौचालय को खोलने के साथ ही स्टेशन के पूर्वी सिरे पर शौचालय/मूत्रालय की व्यवस्था की जाए।
स्टेशन परिसर से आटो रिक्शा स्टैंड रेलवे चौराहे के पश्चिमी छोर पर किया जाए। बैठक में समिति केसदस्य अशोक वर्मा ने कहा कि बुजुर्गों, विकलांगों, महिलाओं के लिए अतिरिक्त आरक्षण काउंटर बढ़ाया जाए।बैठक में समिति के सदस्य संतप्रसाद अग्रवाल, राजेश यादव, संजय कुमार श्रीवास्तव, दुर्गा प्रसाद अस्थाना, जितेंद्र नाथ मिश्र ने भी स्टेशन पर बेहतर सुविधा के लिए सुझाव दिया। बैठक में स्टेशन अधीक्षक पीआर गौतम, स्वास्थ्य निरीक्षक राहुल पटेल आदि ने भाग लिया।