आजमगढ़। राष्ट्रीय ओलमा काउंसिल के राष्ट्रीय अध्यक्ष आमिर रशादी के ऊपर दर्ज तीन प्रमुख आपराधिक मुकदमों में वह फरार चल रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए गैर जमानती वारंट जारी किया गया है। बावजूद इसके आमिर रशादी खुलेआम घूम रहे। इसे लेकर जिले में चर्चाओं का बाजार गरम है।
बुधवार की दोपहर फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के अंबारी बाजार में काउंसिल के कार्यकर्ताओं द्वारा पिकअप चालक की पिटाई के बाद हुए बवाल के बाद पुलिस के कान खड़े हो गए। काफिले में आमिर रशादी के शामिल होने के बाद जिले की पुलिस को एलर्ट कर दिया गया है। साथ ही क्षेत्र में दिखते ही गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया है। बता दें कि नवंबर 2017 को शहर कोतवाली में आमिर रशादी सहित अन्य के विरुद्ध उनकी चचेरी बहू फौजिया की हत्या और सबूत नष्ट करने की धारा में केस दर्ज है। इस घटना के बाद से ही आमिर रशादी फरार चल रहे हैं। इसके अलावा अन्य दो आपराधिक मुकदमों में वांछित आमिर रशादी के विरुद्ध गैरजमानती वारंट जारी हुआ है। वारंट जारी होने के बाद भी आमिर रशादी क्षेत्र में खुलेआम घूम रहे हैं। इससे जहां पुलिस के सक्रियता की पोल खुल रही। वहीं कानून व्यवस्था का भी अंदाजा लगाया जा सकता है। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आमिर रशादी के खिलाफ तीन आपराधिक मुकदमों में गैर जमानती वारंट जारी किया गया है। इस संबंध में जिले के सभी थानाध्यक्षों को सतर्ककरते हुए देखते ही गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया है।