मुबारकपुर। पीलिया के पांच नए मरीज बुधवार को सामने आए। इसमें दो मरीजों को सरकारी तो तीन प्राइवेट अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। डेढ़ माह से अधिक समय से पीलिया का प्रकोप मुबारकपुर कस्बा समेत आसपास के क्षेत्र में फैला हुआ है। अब तक आठ लोगों की पीलिया से मौत हो चुकी है तो वहीं दो सौ से अधिक लोग इसकी चपेट में है।
पीलिया पर अब तक कंट्रोल न होने से स्वास्थ्य महकमा के साथ ही नगर पालिका प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। सीएचसी पर बुधवार को छह लोगों की जांच की गई जिसमें दो में पीलिया के लक्षण मिले। इन दोनों मरीजों में अलीनगर मुहल्ला निवासी 16 वर्षीया राबिया पुत्री इरफान अहमद व नूरपुर बूताता निवासी 45 वर्षीय आशा देवी पत्नी सुदर्शन शामिल हैं। इनका इलाज सीएचसी पर चल रहा है। वहीं पूरा दुल्हान निवासी 19 वर्षीय सालिम पुत्र शफी अहमद, पूरादीवान निवासी 15 वर्षीय जमाल मुस्तफा पुत्र जमाल व चाड़ी निवासी 18 वर्षीय मो. नाहिद अशरफ पुत्र नियाज अहमद को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शिकायत के बाद भी खाद्य विभाग में नहीं दिख रहा खौफ
मुबारकपुर। पीलिया के प्रकोप को देखते हुए जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन को सख्त निर्देश जारी किए थे। इसके तहत कस्बे में खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग लगातार करने और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की दुकानों को 15 दिनों के लिए बंद कराने का निर्देश दिया था। डीएम के निर्देश पर दो तीन दिन तो टीम ने कार्रवाई की और सेंपुलिंग भी किया लेकिन उसके बाद टीम सुस्त पड़ गई। मंगलवार को डीएम से मिलने पहुंची नपा व स्वास्थ्य महकमे की टीम ने खाद्य विभाग की शिकायत भी की। खाद्य निरीक्षक संजय ने बताया कि अब तक 32 नमूने लिए गए हैं जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है और अब तक एक भी नमूने की जांच रिपोर्ट नहीं आयी है।