आजमगढ़। पल्हनी ब्लाक के हैदराबाद उर्फ छतवारा ग्राम निवासियों ने दुकानदार द्वारा पात्र व्यक्तियों का राशन कार्ड निरस्त कराए जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना पत्र देकर दुकानदार की जांच कराने और पात्र व्यक्तियों का राशन कार्ड बनाए जाने की गुहार लगाई है।
ग्राम निवासी जयंती देवी, सविता, जोहरा, सावित्री, मेंहदी हसन, यार मोहम्मद, जिलेदार, फातमा आदि ने दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि कोटे का दुकानदार अपने व्यक्ति का राशन कार्ड बनवाने के चक्कर में पात्र व्यक्तियों का नाम काट अपात्रों का राशन कार्ड बनवा दिया है। पूछे जाने पर गालियां और धमकी मिलती है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्धानित मूल्य से अधिक दाम दुकानदार द्वारा लिया जाता है। ग्रामवासियों ने कोटेदार की जांच कराए जाने और पात्र व्यक्तियों का राशन कार्ड बनाए जाने की जिलाधिकारी से गुहार लगाई है।