आजमगढ़। जैसे नगर निकाय चुनाव के अधिसूचना जारी होने की संभावित तिथि नजदीक आती जा रही है। प्रशासन अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देता जा रहा है। प्रशासन द्वारा मतदान के बाद होने वाली मतगणना के लिए जिले में 13 स्थानों का चिन्हांकन कर लिया गया है। वहीं राज्य निर्वाचन आयुक्त ने 29 अक्टूबर को वाराणसी मंडलायुक्त सभागार में पुलिस और अधिकारियों की बैठक बुलाई है। जिसमें निकाय चुनाव के तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
जनपद की दो नगरपालिकाओं और 11 नगर पंचायतों के लिए निकाय चुनाव होने हैं। शासन द्वारा वार्डों और नगरपालिका, नगर पंचायतों की आरक्षण सूची जारी कर दी गई है। संभावित प्रत्याशी मैदान में अपनी पूरी ताकत लगा चुके हैं। पार्टियों के सिंबल पर चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशियों की जनपद से लेकर लखनऊ तक परिक्रमा जारी है। वहीं जिला प्रशासन द्वारा मतदान के बाद होने वाली मतगणना के लिए स्थल का चिन्हांकन कर लिया गया है। जिसके तहत आजमगढ़ और मुबारकपुर नगरपालिकाओं और उनके वार्डों की मतगणना डीएवी पीजी कॉलेज में होगी। जिसमें आजमगढ़ नगरपालिका की गणना अमर सिंह हाल और मुबारकपुर की मतगणना कालेज के पुराने हाल में होगी। वहीं नगरपंचायतों में देखें तो निजामाबाद की मतगणना निजामाबाद तहसील के द्वितीय तल पर स्थित हाल, बिलरियागंज की तहसीलदार न्यायिक कक्ष सगड़ी, मेंहनगर की तहसील परिसर मेंहनगर, अजमतगढ़ की न्यायालय तहसीलदार सगड़ी, जीयनपुर की एसडीएम न्यायिक कक्ष सगड़ी, लालगंज की तहसील परिसर लालगंज, सरायमीर की मीटिंग हाल तहसील निजामाबाद, फूलपुर की विकास खंड मुख्यालय फूलपुर, अतरौलिया की मीटिंग हाल तहसील बूढ़नपुर, महराजगंज आपूर्ति कार्यालय सगड़ी और माहुल नगर पंचायत की मतगणना खंड विकास अधिकारी कार्यालय फूलपुर में होगी। तैयारियों के क्रम में राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके अग्रवाल द्वारा तैयारियों की समीक्षा को लेकर 29 अक्टूबर को वाराणसी मंडलायुक्त सभागार में वाराणसी, मीरजापुर और आजमगढ़ मंडल के पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है।
मतगणना के लिए 13 मतगणना स्थलों का चिह्नांकन किया गया है। इसकी सूची तैयार कर भेज दी गई है। अभी इसमें फेर बदल हो सकता है। चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए 29 अक्टूबर को वाराणसी के मंडलायुक्त सभागार में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है। - राकेश सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, पंचस्थानीय और नगरीय निकाय।