सरायमीर। कस्बे के मुख्य चौक स्थित इमामबाड़ा में शुक्रवार की रात नगर संघर्ष समिति सरायमीर की बैठक हुई। जिसमें कस्बे में बिजली आपूर्ति समस्या, साफ-सफाई आदि मुद्दों पर चर्चा की गई।
अध्यक्षता कर रहे पूर्व चेयरमैन ओबैदुर्रहमान ने कहा कि कस्बे में बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। बिजली के आने-जाने का कोई समय नहीं है। वहीं फाल्ट के कारण जो बिजली मिलती है वह भी बाधित हो जाती है। उन्होंने कहा कि इसके लिए कई बार विभाग के अधिकारियों से शिकायत की गई। लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति व्यवस्था नहीं सुधरी तो समिति आंदोलन को बाध्य होगी। बैठक में नगर संघर्ष समिति का पुनर्गठन किया गया। जिसमे सर्वसम्मति से रंजन चौधरी को अध्यक्ष व एम जफ़र खान को संयोजक सहित 30 लोगों को समिति का सदस्य चुना गया। इस अवसर पर मो. असलम, अरविंद कुमार, उमेश चंद पाठक, बेलाल अहमद, नरायण, लालजी सेठ, अभिमन्यु बरनवाल, कलीम जामई, तनवीर अहमद, राज नारायण गौंड, शाह आलम अंसारी, सैयद कायम रजा, हसन अहमद आदि मौजूद रहे।