आजमगढ़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित बोर्ड परीक्षा का महाकुंभ कल से शुरू हो रहा है। 304 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 2 लाख 20 हजार 241 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के मद्देनजर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए शिक्षा विभाग के साथ ही प्रशासनिक अमले ने भी कमर कस ली है।
यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर सारी तैयारियां अंतिम दौर में चल रही हैं। प्रश्नपत्रों व उत्तर पुस्तिकाओं को परीक्षा केंद्रों पर पहुंचवा दिया गया है। बोर्ड परीक्षा को सकुशल व नकल विहीन संपन्न कराने के लिए नौ उड़नदस्ते, चार सुपर जोनल और आठ जोन मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। 304 परीक्षा केंद्रों में 14 अतिसंवेदनशील और 11 संवेदनशील केंद्र हैं। यहां नकल रोकने के लिए अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। हर केंद्रों पर एक-एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की गई है, जो परीक्षा शुरू होने से लेकर समाप्त होने तक विद्यालय पर मौजूद रहेंगे।
बोर्ड परीक्षा के लिए बनाए गए परीक्षा केंद्रों में 14 केंद्र अति संवेदनशील हैं, वहीं 11 केंद्र संवेदनशील श्रेणी में रखे गए है। इन केंद्रों पर इस बार बोर्ड व शासन के निर्देश पर अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। स्थानीय केंद्र व्यवस्थापक के साथ ही राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों को इन विद्यालयों पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक के रुप में तैनात किया गया है। इ केंद्रों के अलावा ग्रामीणांचल के कुछ अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी ऐसी व्यवस्था की गई है।
-----
9 उड़नदस्ते रखेंगे परीक्षा पर नजर
बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने के लिए नौ उड़नदस्ते बनाए गए हैं। डीआईओएस की तरफ से छह टीम लगाई गई है, वहीं जेडी के तीन उड़नदस्ते परीक्षा पर नजर रखेंगे।
-----
चार सुपर जोनल, आठ जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती
प्रशासनिक अमला भी नकल विहीन परीक्षा कराने को मुस्तैद है। प्रशासन ने चार सुपर जोनल मजिस्ट्रेट बनाए हैं जिसमें सीडीओ, सीआरओ व एडीएम शामिल हैं। इनके अलावा सभी आठ एसडीएम अपने-अपने तहसील क्षेत्र के जोनल मजिस्ट्रेट रहेंगे। 43 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं।