बलरामपुर। जेडी हेल्थ ने शुक्रवार को मंडलीय अस्पताल का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का हाल लिया। इस दौरान यहां भी गंदगी देखने को मिली। इसके अलावा, अन्य व्यवस्था दुरुस्त होने का जेडी ने दावा किया। वहीं, कुछ मरीजों ने जेडी के सामने भोजन अथवा दूध में से किसी एक ही चीज के मिलने की बात भी कही। जिस पर जेडी चुप्पी साध गए और आगे बढ़ गए। जेडी हेल्थ डॉ. एके वर्मा को जिले का नोडल अधिकारी बनाया गया है। जिले में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का हाल लेने के लिए वे गुरुवार को ही जिले में पहुंच गए है।
शुक्रवार को उन्होंने मंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान जगह-जगह गंदगी देखने को मिली। जिस पर उन्होंने एसआईसी को व्यवस्था में सुधार का निर्देश दिया। जेडी ने एक्स रे, पैथलॉजी, वार्ड, ओपीडी, ओटी आदि स्थानों का निरीक्षण कर जहां कहीं भी कमियां पाई गईं, सुधार की बात कही।
वार्ड में निरीक्षण के दौरान कुछ मरीजों ने भोजन अथवा दूध में से किसी एक का ही वितरण होने की शिकायत की, जिस पर जेडी कुछ बोले बिना आगे बढ़ गए। वहीं, जेडी के समक्ष साधु, अशोक सिंह आदि ने रेडियोलॉजिस्ट के तैनाती की भी मांग की। जिस पर उन्होंने शासन को पत्र लिखने की बात कही। पूरे अस्पताल परिसर का भ्रमण करने के पश्चात जेडी हेल्थ एसआईसी कक्ष में पहुंचे जहां सभी योजनाओं के दस्तावेज की जांच की गई। एक शौचालय में टोटी टूटी हुई थी, जिसका गेट बंदकर छिपाने का प्रयास किया गया था लेकिन जेडी ने स्वयं दरवाजा खोल कर देखा ओर टोटी ठीक कराने का निर्देश दिया।
कुछ कमियां मिली है, जिसे ठीक करने का निर्देश एसआईसी को दे दिया गया है। ओपीडी में सभी डॉक्टर मौजूद मिले, वार्डों में भी व्यवस्था ठीक थी। कुछ जगहों पर गंदगी देखने को मिली है, जिसे साफ कराने का निर्देश दिया गया है। सामान्य तौर पर कोई खास समस्या या दुर्व्यवस्था यहां नहीं पाई गई। - डॉ. एके वर्मा, जेडी हेल्थ