आजमगढ़। यातायात माह का शुक्रवार को समापन हो गया। इसी क्रम में ट्रैफिक नियमों के पालन के लिए शहर के चार प्रमुख कालेजों के 450 बच्चों ने रैली निकाली। इसे एसपी रविशंकर छवि ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रैफिक विभाग की तरफ से आयोजित की गई इस रैली में सेंट जेवियर स्कूल के 150, सर्वोदय पब्लिक स्कूल के 100 और सेंट्रल पब्लिक स्कूल के 100 और राजकीय बालिका इंटर कालेज की 100 छात्राएं शामिल थीं। राजकीय बालिका इंटर कालेज परिसर से निकाली गई रैली गांधी तिराहा, बड़ादेव तिराहा, अग्रसेन चौराहा होते हुए पुलिस लाइन के मीटिंग हाल में पहुंचकर समाप्त हो गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथ में यातायात नियमों की स्लोगन लिखी तख्तियां ली हुई थी। साथ ही बच्चे नारे लगाकर भी जागरूकता फैला रहे थे। पुलिस लाइन परिसर में एसपी की अध्यक्षता में वाद विवाद निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरण कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। बच्चों को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि अपने जीवन में हमेशा यातायात नियमों का पालन करेंगे। अपने सगे संबंधियों और रिश्तेदारों को भी नियमों के प्रति जागरूक करें। इस अवसर पर एसपी ट्रैफिक तारिक मोहम्मद, सीओ सदर मो. अकमल खां और सीओ सिटी अजय कुमार यादव आदि मौजूद रहे।