आजमगढ़। मानसून की दस्तक ने भले ही गर्मी से राहत दिलाई है लेकिन बारिश के साथ ही बिजली कटौती ने लोगों को परेशान कर दिया है। लगातार फाल्ट होने से शहर से लेकर गांव तक बिजली किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। शहर के कोलघाट इलाके में तार टूटने बुधवार शाम से ही कई मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। रात भर लोग गर्मी और उमस से परेशान रहे। नगर के मुख्य चौक इलाके में किसी के यहां 100 तो किसी के यहां 300 वोल्ट बिजली की आपूर्ति हो रही है। जिला अस्पताल में भी पूरी रात बिजली गायब रही। नगर के कोलघाट इलाके में विद्युत तार बुधवार की शाम को टूटकर गिर गया जिसे पूरी रात नहीं जोड़ा गया। जिसके कारण लोगों को पूरी रात अंधेरे और गर्मी के बीच जागकर काटनी पड़ी। सुबह होते ही पानी के लिए लोगों की भीड़ हैंडपंपों पर उमड़ पड़ी। इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों को दी गई लेकिन शाम को साढ़े तीन बजे तारों को जोड़कर विद्युत आपूर्ति बहाल की गई तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं नगर के मुख्य चौक क्षेत्र में बिजली तो आ रही है, लेकिन वोल्टेज ठीक नहीं है। किसी घर में 100 तो किसी घर में 300 वोल्ट बिजली आ रही है। इससे लोग परेशान हैं। बनवारी लाल जालान ने बताया कि विगत तीन दिनों से इस तरह की बिजली आ रही है। विभागीय अधिकारियों से इसकी शिकायत भी की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। नगर के जिला चिकित्सालय में भी पूरी रात बिजली गायब रही। जिसके कारण जेनरेटर के जरिए पूरे अस्पताल में बिजली की आपूर्ति की गई। चंद्रेश उपाध्याय, अधिशासी अभियंता ने बताया कि हाफिजपुर में 315 केवी के स्थान पर पांच सौ केवी का ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य चल रहा था। जिसके कारण इससे जुड़े क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित थी। इस वजह से कोलघाट में शाम को साढ़े तीन बजे से बिजली की आपूर्ति हुई। लेकिन रही बात चौक क्षेत्र में कम और ज्यादा वोल्टेज आने की तो इसकी मुझे जानकारी नहीं है, मैं इसे दिखवा लेता हूं।
ट्रांसफार्मर जलने से सौ गांव की बत्ती गुल
अहरौला। क्षेत्र में गोपालगंज बाजार में विद्युत सब स्टेशन पर लगे पांच एवीए का ट्रांसफार्मर बुधवार शाम तेज धमाके के साथ जल गया। इससे सबस्टेशन से जुड़े लगभग सौ गांवों की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। बिजली न रहने से गर्मी के मौसम में चारों ओर हाय-तौबा मची है। गोपालगंज सब स्टेशन के अवर अभियंता अवधेश पाल ने बताया कि तेज धमाके के साथ ट्रांसफार्मर जल गया था। गुरुवार को यहां टेस्टिंग टीम पहुंची। ट्रांसफार्मर को घंटों मशक्कत के बाद टेस्ट किया गया, लेकिन पुन: तेज धमाके के साथ 20 लीटर तेल बाहर निकलकर फैल गया। गनीमत रही कि टेस्टिंग टीम का कोई घायल नहीं हुआ। जेई अवधेश पाल ने बताया इसे बदलने में दो से तीन दिन लग सकते हैं।