आजमगढ़। विकास खंड पल्हना के ताड़कडीह गांव के ग्रामीणों ने शुक्रवार को डीएम को पत्रक देकर कोटेदार के चयन में धांधली का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने चयन प्रक्रिया को निरस्त कर नए सिरे से कोटेदार का चयन कराए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के कोटेदार बलिराम की मृत्यु हो जाने के चलते गांव में नये कोटेदार का चयन होना था। जिसमें 27 दिसंबर को गांव में चयन को लेकर बैठक बुलाई गई। कोटे की दुकान के लिए दो दावेदार सामने थे, जिसमें चंदा पत्नी मनोज कुमार व अमरजीत थे। ग्राम पंचायत अधिकारी ने चयन की प्रक्रिया के तहत सादे कागज पर उन ग्रामीणों का हस्ताक्षर करवाया जो चंदा के समर्थक थे। चंदा समर्थकों की संख्या 127 थी और अमरजीत के समर्थन में 117 ग्रामीण थे। इसके बाद भी चुनाव प्रक्रिया में धांधली कर अमरजीत को कोटेदार के रुप में चयनित कर लिया गया। ग्रामीणों ने 27 दिसंबर को हुई चयन प्रक्रिया को निरस्त कर नये सिरे से कोटेदार का चयन कराए जाने की मांग की। पत्रक देने वालों में मनोज कुमार, संजय कुमार, अंशुमान, विवेक, वैभव, सागर, मुन्ना, राजेश, घनश्याम, आदि शामिल रहे।