आजमगढ़। नगर के हरंबशपुर स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय में शनिवार को उस समय पूरा कार्य ठप हो गया जब अचानक बिजली चली गई। लाइसेंस आदि कार्यों के लिए लोगों की लंबी कतार लगी हुई थी। बिजली कटने के बाद जनरेटर को स्टार्ट करने का प्रयास किया गया लेकिन वह भी चालू नहीं हो सका।
संभागीय परिवहन कार्यालय जहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग ड्राइविंग लाइसेंस, गाड़ियों के कागजात आदि कार्यों को कराने के लिए पहुंचते हैं। यहां का सारा कार्य ऑनलाइन होता है। शनिवार को अचानक दोपहर लगभग 12 बजे बिजली गुल हो गई। बिजली गुल होते ही कार्यालय के सारे कंप्यूटर बंद हो गए। कार्यालय के कर्मियों ने वहां लगे जनरेटर को चालू करने का प्रयास किया लेकिन वह भी चालू नहीं हो सका। लाइन में लगे लोग शोर मचाने लगे। काफी देर बाद जब जनरेटर चालू नहीं हुआ तो बाहर से मैकेनिक को बुलाया गया उसने बताया कि बैटरी डिस्चार्ज होने के कारण जनरेटर स्टार्ट नहीं हो रहा है। तब आनन-फानन में बैटरी को उतारकर दूसरी जगह ले जाकर चार्ज किया गया। इसके बाद उसे जनरेटर में लगाकर उसे चालू किया गया। लगभग डेढ़ घंटे तक कार्यालय का कार्य बाधित रहा। विभाग की इस कार्यशैली से वहां मौजूद लोगों में काफी रोष देखने को मिला।
00000
बिजली जाने से कुछ देर के लिए कार्य बाधित हुआ था। क्योंकि हमारे यहां लगा यूपीएस बैकअप नहीं दे रहा है। जिसके लिए बजट आ गया है जल्द ही इसे बदल दिया जाएगा तो सारी समस्या दूर हो जाएगी। रही बात जनरेटर के न चालू होने की तो काफी दिनों से बंद होने के कारण इसकी बैटरी उतर गई थी। -बाल कृष्ण पांडेय, संभागीय परिवहन अधिकारी।