सगड़ी। आजमगढ़-गोरखपुर राष्ट्रीय मार्ग पर स्थित जीयनपुर बाजार में सड़क चौड़ीकरण कराने के लिए अतिक्रमण करने वालों को निर्माण विभाग ने नोटिस दिया था। इस क्रम में कुछ लोग स्वयं ही अपना आशियाना तोड़ना शुरु कर दिए हैं।
बता दें कि जीयनपुर बाजार में आए दिन जाम लगने की समस्या को लेकर लोगों ने उपजिलाधिकारी सगड़ी से शिकायत की थी। इस पर एसडीएम ने सड़क चौड़ीकरण कराने को लेकर पीडब्लूडी विभाग को पत्र लिखा था। इस पर विभाग ने बाजार में सड़क की नापी कर लोगों को नोटिस जारी कर 27 जुलाई तक स्वयं अतिक्रमण हटाने को कहा था। इस क्रम में स्वयं ही लोग अपना आशियाना तोड़ना शुरु कर दिए हैं। जीयनपुर बाजार में ही सगड़ी विधायक वंदना सिंह का भी मकान है। उनके द्वारा स्वयं ही अपना मकान तोड़वाया जा रहा है। जीयनपुर नगर पंचायत अध्यक्ष खुरमुल्ली गुप्ता ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि स्वयं ही अतिक्रमण हटा लें। सड़क के चौड़ा होने से सभी को इसका लाभ मिलेगा। बसपा नेता संतोष सिंह ने कहा कि स्वयं हमने अपना मकान तोड़ कर जीयनपुर के विकास के लिए एक पहल की है।