आजमगढ़। यूपी टीईटी परीक्षा आगामी 22 दिसंबर को होनी है। जिला कमेटी ने 77 विद्यालयों का नाम परीक्षा केंद्र के रूप में सचिव परीक्षा नियामक प्रयागराज को प्रस्तावित किया है। अब परीक्षा नियामक परीक्षा केंद्रों की फाइनल सूची जल्द जारी करेगा। टेट परीक्षा के लिए केंद्रों का प्रस्ताव भेजने के साथ ही अन्य तैयारियों में माध्यमिक शिक्षा विभाग व जिला प्रशासन जुट गया है।
शिक्षक पात्रता परीक्षा 2019 के लिए जिले को कुल 55201 अभ्यर्थी आवंटित हुए है। इतनी संख्या में परीक्षार्थियों की परीक्षा संपन्न कराने के लिए जिला स्तरीय कमेटी गठित की गई थी। जिसमें जिलाधिकारी के अलावा एसपी, डायट प्राचार्य, डीआईओएस व बीएसए शामिल थे। टीम ने टीईटी परीक्षा संपन्न कराने के लिए कुल 77 विद्यालयों की सूची परीक्षा नियामक को प्रस्तावित कर दिया है। डीआईओएस डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि जल्द ही परीक्षा नियामक परीक्षा केंद्रों की सूची फाइनल कर देंगी। 22 दिसंबर को दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। सुबह की पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा होगी। जिसमें 38284 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। वहीं शाम की पाली में जूनियर स्तर की परीक्षा होगी। जिसमें 16917 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि परीक्षा को नकल विहीन संपन्न कराने को लेकर कवायद विभाग व जिला प्रशासन स्तर पर चल रही है। प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची में 1 राजकीय विद्यालय, 30 एडेड विद्यालय व 46 वित्त विहीन विद्यालय शामिल है।