महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ का तृतीय दीक्षांत समारोह 11 अगस्त को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होगा। समारोह में पद्म विभूषण प्रसिद्ध बांसुरी वादक पं. हरिप्रसाद चौरसिया मुख्य अतिथि होंगे।
कुलाधिपति एवं प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समारोह की अध्यक्षता करेंगी। समारोह में कुल 74 मेधावियों को 88 पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें 20 कुलाधिपति मेडल और 68 कुलपति मेडल शामिल हैं।
शिबली नेशनल कॉलेज के स्मार्ट क्लास में आयोजित प्रेसवार्ता में कुलपति प्रो. संजीव कुमार, कुलसचिव अमृतलाल और परीक्षा नियंत्रक आनंद कुमार मौर्य ने दीक्षांत समारोह की तैयारियों और कार्यक्रम की जानकारी दी।
कुलपति ने बताया कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल 10 अगस्त को आजमगढ़ पहुंचेंगी और 11 अगस्त को सुबह 10 बजे विश्वविद्यालय परिसर में दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। समारोह की शुरुआत एचपीवी टीकाकरण के अवलोकन से होगी।
इसके बाद राज्यपाल बच्चों की चित्रकला और स्टार्टअप प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगी। विश्वविद्यालय में नवनिर्मित निर्माण कार्यों का उद्घाटन भी प्रस्तावित है। इसके बाद शैक्षिक शोभायात्रा पंडाल में पहुंचेगी।
कुल 88 पदकों में से 20 पदक राज्यपाल के हाथों प्रदान किए जाएंगे। सम्मान समारोह के दौरान कुलपति द्वारा गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के प्रतिष्ठित पटोला बुनकर प्रशिक्षक एवं समाजसेवी पंकज भाई डूंगरभाई मकवाना को मानद उपाधि प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री रजनी तिवारी और अतिविशिष्ट अतिथि योगेंद्र उपाध्याय भी संबोधित करेंगे। इसके बाद मुख्य अतिथि पं. हरिप्रसाद चौरसिया का उद्बोधन होगा। कुलाधिपति आजमगढ़ और मऊ के पांच-पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किट व टीका प्रमाणपत्र प्रदान करेंगी।
कुलसचिव ने बताया कि दीक्षांत समारोह के दिन विश्वविद्यालय में ड्रेस कोड अनिवार्य रहेगा। पुरुष और छात्र कुर्ता-पायजामा एवं धोती में, महिलाएं लाल बॉर्डर वाली सफेद साड़ी में और छात्राएं सफेद सलवार-सूट व दुपट्टे में परिसर में उपस्थित होंगी।
परीक्षा नियंत्रक ने पदक विजेताओं से संबंधित जानकारी भी साझा की। प्रेसवार्ता के बाद विश्वविद्यालय अधिकारियों ने शिबली नेशनल कॉलेज परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
-
ग्रामीण क्षेत्र के मेधावियों का रहा दबदबा
महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में पदक पाने वाले विद्यार्थियों में ग्रामीण क्षेत्र के मेधावी आगे रहे। सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले 74 विद्यार्थियों में 59 ग्रामीण क्षेत्र से हैं, जबकि 15 विद्यार्थी शहरी क्षेत्र से आते हैं। सभी मेधावियों को समारोह में पदक प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।