आजमगढ़। कैंसर पीड़ित पति को लेकर उसकी पत्नी गुरुवार को जिलाधिकारी से मिली और अपनी व्यथा सुनाई। सामाजिक कार्यकर्ता/महाप्रधान रामकुंवर यादव के प्रयास से डीएम कार्यालय पहुंचे कैंसर पीड़ित और उसकी पत्नी को डीएम ने हर संभव मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
तरवां थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी राम दुलार पांडेय काफी दिनों से कैंसर पीड़ित है। परिवार की आर्थिक स्थिति भी अत्यंत खराब है। पत्नी संजू पांडेय किसी तरह पति को बीएचयू वाराणसी ले जाकर इलाज करा रही थी। बीएचयू के डॉक्टरों ने जब जवाब दे दिया तो संजू अपने पति को लेकर घर चली आई। मामला रासेपुर से महाप्रधान रामकुंवर यादव के संज्ञान में आया तो वे पीड़ित परिवार के मदद को आगे आए। गुरुवार को पीड़ित परिवार रामकुंवर यादव के सहयोग से जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। जहां पत्नी संजू ने डीएम के समक्ष अपनी व्यथा बतायी। उसने कहा कि मुख्यमंत्री राहत कोष से इलाज के लिए धनराशि उपलब्ध कराने के लिए आवेदन किया था, आवेदन के छह माह बाद मुख्यमंत्री राहत कोष से धनराशि बीएचयू को भेज दी गई। डीएम ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही कैंसर पीड़ित के पत्नी के पत्र पर सीएमओ को त्वरित कार्रवाई का निर्देश जारी किया। महाप्रधान रामकुंवर यादव ने बताया कि जिलाधिकारी ने मेडिकल कालेज के स्टीमेट पर शासन से दो लाख रुपये तक की मदद दिलाने का आश्वासन दिया है।