आजमगढ़। बैंकों की दो दिवसीय हड़ताल के बाद गुरुवार को बैंक खुलते ही पैसा निकासी व जमा करने वालों की भीड़ बैंक शाखाओं पर उमड़ी। दिन भर बैंक कर्मी पैसों का लेनदेन करने में जुटे रहे। इसके बाद भी काफी संख्या में ग्राहक टाइम ओवर हो जाने के चलते बैरंग वापस लौटने को मजबूर हुए। विभिन्न मांगों को लेकर बैंक कर्मी मंगलवार व बुधवार को हड़ताल पर थे। इस दौरान बैंक से संबंधित सभी कार्य ठप रहे। यहां तक कि एटीएम मशीनें भी खाली हो गई थी। ग्राहकों के समक्ष कैश की किल्लत शुरू हो गई थी वहीं व्यापारी आदि भी कैश जमा करने व अन्य प्रकार के ट्रांजक्शन न हो पाने के चलते परेशान थे। जिसके चलते ही गुरुवार को बैंकों के खुलते ही भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। अच्छा तो यह था कि बैंक की शाखाओं के खुलने के पूर्व ही एटीएम मशीनों में भी कैश भर दिया गया था, जिसके चलते शाखाओं पर कैश निकासी वालों की भीड़ बट गई थी। फिर भी सभी प्रमुख बैंकों के मुख्य शाखाओं पर तैनात गार्ड गुरुवार को भीड़ को नियंत्रित करते देखे गए।