आजमगढ़। दुग्ध विकास के क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाले तहसील के किसानों को सरकार की ओर प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए शुक्रवार को एनआईसी में प्रमुख सचिव दुग्ध विकास सुधीर मोहन भोभड़े ने आजमगढ़ और मऊ के अधिकारियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बात की। उन्होंने बताया कि जल्द ही दूध के दाम बढ़ाए जाएंगे ताकि इसका सीधा लाभ किसानों को मिल सके।
प्रमुख सचिव ने अधिकारियों से कहा कि वह तहसील स्तर पर ग्रामीणों और दुग्ध समितियों के साथ बैठक करें और उन्हें दुग्ध उत्पादन कर अपनी आय दोगुनी करने के लिए प्रोत्साहित करें। इसके लिए किसानों को सरकार प्रोत्साहित करना होगा। जिसके लिए सरकार ने तहसील स्तर पर अच्छा दुग्ध उत्पादन करने वाले किसानों और दुग्ध समितियों को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया है। इसके लिए हर तहसील से डाटा जुटाकर उसकी सूची तैयार करें। जिस दिन पुरस्कार वितरण होगा वह भी इस कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे और किसानों का उत्साहवर्धन करेंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही किसानों को उनके दूध का लाभकारी मूल्य देने के लिए दूध के दामों में वृद्घि की जाएगी। एक दो दिन में इसका शासनादेश भी जारी हो जाएगा। वीडियो कांफ्रेंसिंग में आजमगढ़ और मऊ जनपद के दुग्ध संगठनों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।