आगामी लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी के लोग महापुरुषों की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त करके अपने पक्ष में माहौल बना रहे। ऐसे लोगों के मंसूबों पर पानी फेरने की तोड़ डीजीपी ओमप्रकाश सिंह ने निकाल ली है। उन्होंने सभी तरह के महापुरुषों की प्रतिमाओं की गिनती करवाकर उनके सुरक्षा की जिम्मेदारी ग्राम या मुहल्ला सुरक्षा समिति का गठन कर उन्हें सौंपने का निर्देश दिया है। ताकि किसी अप्रिय घटना की साजिश को समिति के लोग विफल कर सकें। अन्यथा घटनाएं होने पर इनकी जवाबदेही तय की जाएगी। इससे पुलिस और सरकार दोनों का फायदा नजर आ रहा। डीजीपी के निर्देश पर सभी थानों के थानाध्यक्ष रविवार से महापुरुषों की प्रतिमाओं की गिनती करवा रहे हैं।
महापुरुषों की प्रतिमाओं को खंडित करने के क्रम पर विराम लगाने के उद्देश्य से ही डीजीपी ओमप्रकाश सिंह ने शनिवार को पूरे प्रदेश में निर्देश जारी किया। जिसके तहत थानाध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र में स्थित महापुरुषों की सूची तैयार कर उनकी सुरक्षा के लिए ग्राम या मुहल्ला सुरक्षा समिति के लोगों या जहां नहीं गठित है। वहां गठन कर उन्हें प्रतिमा के सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपे। बीट के सिपाही और हलका दरोगा, एसओ आदि को गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया है। डीजीपी का निर्देश मिलने पर रविवार को सभी थानाध्यक्ष क्षेत्र के महापुरुषों की प्रतिमाओं का आंकड़ा और सुरक्षा का प्रबंध करने में जुट गए हैं।
डीजीपी के निर्देश पर थानाध्यक्षों के जरिए क्षेत्र के महापुरुषों की प्रतिमाओं की गिनती करवाई जा रही है। जिस गांव या मुहल्ले में ग्राम सुरक्षा समिति का गठन नहीं हुआ है वहां समिति का गठन कर प्रतिमाओं के सुरक्षा की उन्हें जवाबदेही सौंपी जा रही है। बीट के सिपाही, हलका दरोगा और थानाध्यक्ष आदि गतिविधियों पर नजर रखेंगे। - सुभाष चंद्र गंगवार, एसपीसिटी