आजमगढ़। होली का सुरूर अब लोगों पर चढ़कर बोलने लगा है। रंग-अबीर के साथ पिचकारियों और मुखौटों से जनपद के बाजार पट चुके हैं। बुधवार को बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों का हुजूम उमड़ा हुआ था। लोगों की खरीदारी के कारण चौक क्षेत्र में जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
मुख्य चौक पर दुकानदारों द्वारा आकर्षक ढंग से होली के सामानों को सजाया गया है। रंग-अबीर, पिचकारी के साथ-साथ आकर्षक मुखौटे भी दिखायी पड़ रहे हैं। इस बार बाजार में फिल्मी हस्तियों के मुखौटों के साथ-साथ डब्ल्यूृ-डब्ल्यू एफ के खिलाड़ियों के मुखौटे, कार्टून फिल्मों के टॉम एंड जेरी, फैंटम आदि के मुखौटे उपलब्ध हैं। पिचकारी में सामान्य पिचकारी के साथ-साथ कई प्रकार की डिजाइनवाली पिचकारी भी उपलब्ध है। इसकी कीमत 20 रुपये से 200 रुपये तक है। मार्च के महीने में अधिकांश बच्चों की फाइनल परीक्षा होने के बाद भी बच्चों में होली का माहौल देखा जा रहा है। बच्चे अपने-अपने तरीके से होली की तैयारी कर रहे हैं। जनपद में छोटी-छोटी बाजारों में भी होली का खुमार लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। बुधवार से सरकारी कार्यालयों और स्कूलों में होली की छुट्टी हो गई। इस दौरान लोगों ने अबीर गुलाल लगाकर जमकर होली खेली। अबीर-गुलाल से लथपथ लोग घर पहुंचे इसके बाद परिवार को साथ लेकर होली की खरीदारी करने के लिए बाजारों में निकल पड़े। इस दौरान लोगों ने रंगों और पिचकारी के साथ ही खाने पीने के सामानों की भी जमकर खरीदारी की। दुकानदारों ने भी लोगों को लुभाने के लिए तरह-तरह के रंगीन पापड़, नमकीन को अपनी दुकानों पर सजा रखा था। इस दौरान बाजार में चाइनीज पिचकारियों की डिमांड ज्यादा देखने को मिली।