आजमगढ़। धन की फसल तैयार न होने से किसान अभी दान लेकर केंद्रों तक नहीं पहुंच रहे हैं। गुरुवार को दूसरे दिन बूढ़नपुर में सिर्फ एक केंद्र पर 20 कुंतल धान की खरीद हुई। इस तरह से दो दिन में जिले में कुल 90 कुंतल धान की खरीद हुई है। डीप्टी आरएमओ ने गुरुवार को चार केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
एक नवंबर से पूरे प्रदेश के साथ ही जनपद में धान की खरीद 56 क्रय केंद्रों पर शुरू हो गई है। पहले दिन सिर्फ तरवां में खाद्य विभाग के क्रय केंद्र पर दो किसानों से 70 कुंतल धान की खरीद हुई थी। गुरुवार को दूसरे दिन बूढ़नपुर स्थित भारतीय खाद्य निगम के केंद्र पर 20 कुंतल धान की खरीद की गई दो दिन में कुल 90 कुंतल धान की खरीद हुई है। डिप्टी आरएमओ आरपी पटेल ने गुरुवार को चार क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। बेलइसा मंडी स्थिति यूपी एग्रो के केंद्र गंदगी देख उन्होंने नाराजगी जताई। केंद्र को साफ सुथरे स्थान पर खोलने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने जहानागंज और मुबारकपुर के केंद्रों का निरीक्षण कर कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। डिप्टी आरएमओ ने बताया कि धान अभी खेतों में ही खड़ा है। इसीलिए आवक कम हो रही है। किसी भी केंद्र पर खरीद के लिए धन की कमी आड़े नहीं आएगी। किसानों की ओर से पंजीकरण कराया जा रहा है। कुछ दिनों में खरीद में तेजी आएगी।
रजिस्ट्रेशन हुआ पर खरीद नहीं
लाटघाट। धान क्रय केंद्र हरैया पर 158 किसानों के रजिस्ट्रेशन धान खरीद के लिए किए गए हैं। विपणन अधिकारी रत्न कृष्णन ने बताया कि अभी दो-तीन किसान आए थे जो मशीन से धान कटवाकर सीधा केंद्र क्रय चले आए। उनको धान को सुखा और साफ करके ही धान क्रय केंद्र पर लाने को कहा गया है।