आजमगढ़। नगर निकाय चुनाव के लिए विकास भवन स्थित सभागार में कंट्रोल रूम की स्थापना तो कर दी गई। लेकिन यह कंट्रोल रूम एक फोन और सूचना के लिए तरस रहा है। सोमवार को कंट्रोल रूम में कर्मचारी तो मिले लेकिन जानकारी नहीं।
बताते चलें कि अधिसूचना जारी करते समय जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने विकास भवन में कंट्रोल रूम की स्थापना किए जाने की बात कही। लेकिन अभी तक विभाग की ओर से कंट्रोल रूम का कोई नंबर जारी नहीं किया। सोमवार को कंट्रोल रूम में कर्मचारी तो तैनात मिले लेकिन वहां पर फोन नहीं मिला। कर्मचारियों ने सोमवार की शाम तक फोन उपलब्ध की बात कही। लेकिन जब शाम को तैनात कर्मचारियों द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल फोन पर नामांकन के संबंध में जानकारी के लिए फोन किया गया तो उन्होंने बताया कि उनके पास नामांकन के संबंध में कोई सूचना उपलब्ध नहीं है। इस संबंध में कंट्रोल रूम के प्रभारी अपर मुख्य अधिकारी एके सिंह ने बताया कि सोमवार की शाम को कंट्रोल रूम में फोन लग गया। अभी नंबर एक्टीवेट नहीं हुुआ है। कल से यह कार्य करना शुरू कर देगा और नामांकन से लेकर मतदान तक की सारी जानकारी मिलने लगेगी। ब्यूरो