जहानागंज। ब्लाक के किशुनपुर स्थित अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल में पशुओं के मरने का क्रम तीसरे दिन भी जारी रहा। शुक्रवार तक जहां 13 पशुओं की मौत हुई थी। शनिवार को सात और मवेशियों की मौत हो गई। अब तक 20 मवेशियों की मौत हो चुकी है। खराब मौसम में पशुओं की सुधि लेने कोई नहीं पहुंच रहा है।
जहानागंज ब्लाक के किशुनपुर में बने अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल में गुरुवार को दिन में पशुओं के लिए बनाई गई मड़ई गिर गई थी, जिसमें आठ पशुओं की मौत हो गई थी। कई पशु घायल हो गए थे। शुक्रवार को इनमें से पांच और पशुओं की मौत हो गई। शनिवार को भी सात मवेशियों ने दम तोड़ दिया। तीन दिन में कुल 20 पशुओं की मौत हो चुकी है। एडीओ पंचायत रामआशीष सिंह और ग्राम पंचायत अधिकारी इंदूप्रकाश राय ने बताया कि यहां सिर्फ 25 पशुओं को रखने की जगह है, लेकिन इस समय गोशाला में 150 पशु हैं। लगातार बाहर मवेशियों के भेजा जा रहा है। हालत खराब होने से अब यहां पशुओं को नहीं लिया जा रहा है। ग्राम पंचायत अधिकारी इंदूप्रकाश राय ने बताया कि बरसात की वजह से रास्ता नहीं बन पा रहा है। बरसात बाद रास्ता बना लिया जाएगा।