आजमगढ़। कोरोना टीकाकरण का तीसरा चरण मार्च में शुरू होगा। इसमें 50 साल से अधिक उम्र वालों की प्रतिरक्षा की जाएगी। मतदाता सूची के आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने 7,82, 604 लोगों की सूची कोविड पोर्टल पर अपलोड कर दी है। इतने लोगों का टीकाकरण करने के लिए युद्ध स्तर पर तैयारी की जा रही है। रोजाना 125 बूथों पर टीके लगवाने की योजना है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ संजय ने बताया कि मार्च माह में तीसरे चरण का टीकाकरण होना है। अभी तिथि निर्धारित नहीं है लेकिन केंद्र सरकार ने तैयारी करने का आदेश जारी कर दिया है। निर्देश के अनुसार 50 साल से अधिक उम्र के लोगों की सूची तैयार कर ली गई है। इस सूची में कुल 7,82, 604 लाभार्थी शामिल है। इनका चयन निर्वाचन कार्यालय के डाटा के आधार पर किया गया है औरे कोविड पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। इनको एक पखवाड़े में ही टीके लगाए जाने हैं। इसकी कार्ययोजना बुधवार तक शासन को भेज दी जाएगी। प्रतिदिन 125 बूथों पर टीकाकरण की योजना है। हर बूथ पर 435 लोगों को टीके लगाए जाएंगे।
सरकारी विद्यालय, निजी अस्पतालों में भी लगेंगे टीके
आजमगढ़। स्वास्थ्य महकमा ने टीकाकरण की तैयारी को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। नई रणनीति के तहत सरकारी अस्पतालों के अलावा सरकारी विद्यालयों और निजी चिकित्सालयों में भी टीकाकरण कराया जाएगा। फिलहाल जिला मुख्यालय पर रैदोपुर स्थित लाइफ लाइन अस्पताल व लछिरामपुर क्षेत्र स्थित वेदांता अस्पताल को टीकाकरण केंद्र बनाने का फैसला किया गया है।