ूनियर हाईस्कूल जाफरपुर में काउंसलिंग कराते चयनित अभ्यर्थी।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। 69 हजार भर्ती प्रक्रिया अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों में रिक्त 31227 पदों के लिए जिले की सूची मंगलवार को जारी की गई। इसके अंतर्गत 1376 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग बुधवार को जूनियर हाईस्कूल जाफरपुर के परिसर में कराई गई। पहले दिन 700 अभ्यर्थियों को बुलाया गया जिसमें कुल 675 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग हुई। काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों की भारी भीड़ रही।
जूनियर हाईस्कूल विद्यालय जाफरपुर में बुधवार को सुबह 9 बजे से काउंसिलिंग शुरू हुई। काउंसिलिंग के लिए कुल दस काउंटर बनाए गए थे। एक बार में 20 लोगों को काउंसिलिंग के लिए बुलाया जा रहा था। वहीं परिसर में लोगों की खूब भीड़ रही। पहले दिन 700 लोगों को काउंसिलिंग के लिए बुलाया गया था। जिसमें किन्हीं कारणों से 25 अभ्यर्थी काउंसिलिंग कराने नहीं पहुंचे। पहले दिन कुल 675 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग हुई। बेसिक शिक्षा अधिकारी अम्बरीष कुमार ने बताया कि बेसिक विभाग से संचालित परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में 69 हजार रिक्त पदों के सापेक्ष 31227 पदों पर सहायक अध्यापक की चयन प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश शासन की ओर से दिए गए हैं। प्रदेश भर में अंतिम रुप से चयनित अभ्यर्थियों की सूची वेबसाइट पर 12 अक्तूबर तक प्रकाशित की गई थी। जिले के लिए 1376 अभ्यर्थियों की सूची उपलब्ध कराई गई। जनपद स्तर पर काउंसिलिंग 14 से 15 अक्तूबर को कराया जाना है। बताया कि बृहस्पतिवार को 676 अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग होगी। इसके लिए काउंटर बनाए गए हैं। सभी पर एक-एक खंड शिक्षा अधिकारी की ड्यूटी लगाई गई है। सहायक अध्यापकों का चयन एवं नियुक्ति प्रक्रिया की कार्रवाई जनपदीय चयन समिति करेगी। अंतिम चयन सूची में सम्मिलित अभ्यर्थियों के शैक्षिक, अन्य अभिलेखों की जांच के बाद इन्हें नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। अभ्यर्थी भरा गया ऑनलाइन आवेदन पत्र एवं समस्त शैक्षिक व अन्य सुसंगत अभिलेख जैसे जाति, दिव्यांगता, निवास, पहचान, भूतपूर्व सैनिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित प्रमाण पत्र के साथ ही उपलब्ध होंगे।