आजमगढ़। जनपद के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में स्थित प्राचीन धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों के जीर्णोद्धार और बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए पर्यटन विभाग ने 617 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।
यह राशि वित्तीय वर्ष 2025-26 की राज्य योजना के अंतर्गत स्वीकृत की गई है।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि जनपद में कुल 8 पर्यटन विकास परियोजनाओं के लिए 889.77 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। इनके सापेक्ष 617 लाख रुपये जारी किए गए हैं।
इन परियोजनाओं में सगड़ी, मुबारकपुर, लालगंज, सदर, निजामाबाद, फूलपुर-पवई, दीदारगंज और गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि सगड़ी विधानसभा के शिव मंदिर साल्हेपुर अजमतगढ़ के लिए 31 लाख रुपये, मुबारकपुर के सठियांव ब्लॉक के डिलिया गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के लिए 17 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी प्रकार लालगंज के ब्रह्म बाबा स्थल के लिए 75 लाख रुपये, सदर विधानसभा के अंतर्गत दुर्वासा ऋषि आश्रम के लिए 65 लाख रुपये तथा नगर पालिका क्षेत्र के एकलव्य स्थल और भगवान शंकर मंदिर के लिए 74 लाख रुपये दिए गए हैं।
इसके अलावा निजामाबाद विधानसभा के दत्तात्रेय आश्रम के लिए 43 लाख रुपये, फूलपुर-पवई क्षेत्र के गढ़वा हनुमान मंदिर के लिए 1 लाख रुपये, दीदारगंज क्षेत्र के शिवधाम बधवा महादेव पातालपुरी मंदिर और गोपालपुर के बिलरियागंज क्षेत्र स्थित तेजवर बाबा मंदिर के विकास के लिए 73 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस धनराशि से इन मंदिरों का पर्यटन विकास की दृष्टि से विकास किया जाएगा।