आजमगढ़। मतदान के दौरान अगर किसी ने आपका वोट डाल दिया है तो इसमें घबराने जैसी कोई बात नहीं। आप सीधे पीठासीन अधिकारी से बात करें। वह आपकी जांच करेगा। अगर आप सही हैं तो वह आपसे टेंडर वोट डलवाएगा लेकिन यह वोट मशीन के बजाए मतपत्र पर दिया जाएगा।
मतदान के दौरान अगर कोई व्यक्ति प्रपत्रों में गड़बड़ी कर किसी दूसरे मतदाता के स्थान पर पहले वोट डाल देता है तो निर्वाचन आयोग ने इसके लिए टेंडर वोट की व्यवस्था की गई है। ऐसा होने पर असली मतदाता द्वारा दावा करने और साक्ष्य दिखाकर अपने आपको सही साबित करने पर पहले डाले गए वोट को टेंडर वोट घोषित कर दिया जाएगा। साथ ही असली मतदाता को किसी दूसरे मतदान केंद्र पर मतदान करने की व्यवस्था कराई जाएगी। इससे वह अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सके। टेंडर वोट के बाद असली मतदाता द्वारा डाले गए वोट को चैलेंज वोट घोषित किया जाएगा। साथ ही उससे सामान्य तरीके से वोट डलवाने के बजाय उसका मतपत्र भरवाकर उसे अलग लिफाफे में रखा जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने बताया कि साधारणत: चैलेंज वोट को गिनती में शामिल नहीं किया जाएगा लेकिन मतगणना के दौरान अगर दो प्रत्याशियों के मत बराबर होते हैं तो ऐसी स्थिति में चैलेंज मत को गिनती में शामिल करने पर विचार किया जाएगा।