जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर गुरुवार को हुए हमले में शहीद 44 जवानों की शहादत पर शुक्रवार को पूरे जनपद में उबाल देखने को मिला। हर नम आंखों ने शहीदों को यकिन दिलाया कि उनकी शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। सामाजिक संगठनों ने जुलूस निकाले और पाकिस्तान के पुतले फूंके। एकस्वर में हर ओर से ये ही आवाज उठी कि पाकि स्तान को अब मुंहतोड़ जवाब देने का समय आ गया है। वहीं गुस्से में भरे सेवानिवृत्त सैनिकों में तो पाकिस्तान को सबक सिखाने का खम ठोका। उन्होंने कहा कि सरकार सेना को खुली छूट दे ताकि वह आतंकियों, पत्थरबाजों और उनको प्रश्रय देने वालों का खात्मा कर सके। पार्टियों ने भी दलगत राजनीति से ऊपर उठकर घटना की एकस्वर में निंदा की और कार्रवाई की मांग की।
आजमगढ़। स्वाभिमान मंच के कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के पुतले की सिविल लाइन चौराहे से शवयात्रा निकाली जो विभिन्न मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट चौराहे पर पहुंची जहां कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाकर पुतला फूंका। मंच के अध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि हमला दर्शाता है कि पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आएगा। वह आतंक की नर्सरी बन चुका है। ऐसे में हमारी सरकार से यह मांग है कि वह तुरंत कड़ी कार्रवाई करे। इस मौके पर रजनीश श्रीवास्तव, राघवेंद्र मिश्रा लड्डू, मानवेंद्र प्रताप सिंह, विनोद सोनकर, दिनेश चौहान, अंकित राय आदि उपस्थित थे।
वहीं भारत रक्षा दल ने प्रदेश उपाध्यक्ष हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव के नेतृत्व में सरकार से पाकिस्तान को सबक सिखाने की मांग किया। कार्यकर्ताओं ने अब निंदा-निंदा ना करो, जिंदा-जिंदा दफन करो के नारे लगाते हुए कलेक्ट्रेट चौराहे पर आतंकवाद का पुतले को फांसी दी और पाकिस्तान के राष्ट्रीय ध्वज को पुतले के साथ दहन किया। हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव ने कहा कि पुलवामा की घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया। सैनिकों के शहादत की गिनती से देश परेशान हो चुका है। आतंक की डाल काटने से अब काम नहीं चलने वाला। इसे जड़ से खत्म करना होगा। इस मौके पर मो. अफजल, निशिथ रंजन तिवारी, उमेश सिंह गुड्डू, नगर अध्यक्ष मनीष कृष्णा, विजय गौतम, अरूण सिंह आदि उपस्थित थे। वहीं कई सामाजिक संगठनों ने इस मौके पर एकजुटता का परिचय देते हुए कलेक्ट्रेट चौराहे से पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए जुलूस निकाला। जो कुंवर सिंह उद्यान, पुलिस ऑफिस, नेहरू हॉल होते हुए पुन: कलेक्ट्रेट चौराहे पहुंचा। यहां पाकिस्तानी झंडे और आतंकवाद का पुतला फूंका गया। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि संसार के नक्शे से पीओके और पाकिस्तान का मिटाने का समय आ गया है। इस मौके पर युधिष्ठिर दुबे, गोविंद दुबे, रजनीश राय, अजय राय, भानु प्रताप सिंह, विवेक पांडे, राजेश सिंह भोला, अभिषेक उपाध्याय निक्की, विनीत सिंह रिशु, रंजन राय, अलका सिंह, अमित राय, प्रवीण सिंह आदि उपस्थित थे। डीएवी पीजी कॉलेज के छात्रों ने पाकिस्तान के झंडे और आतंकवाद का पुतला कॉलेज गेट पर फूंका। इस दौरान छात्रों ने पाकिस्तान विरोधी नारे और सरकार से उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर दुर्गेश यादव, शशि कुमार, राकेश प्रजापति, रीतेश यादव, विशाल दुबे, शुभम शुक्ला, विनोद राज यादव, प्रवेश मिश्रा आदि उपस्थित थे।