आजमगढ़। शहर से निकलने वाले कूड़े को नपा प्रशासन एक बार फिर तमसा तीरे गिरा रहा है। जिसके चलते शहर की लाइफ लाइन कहीं जाने वाली तमसा पुन: प्रदूषित हो सकती है। नपा के पास डंपिंग गाउंड की व्यवस्था है, इसके बाद भी तमसा तीरे कूड़े का निस्तारण किया जाना समझ से परे है। वैसे चर्चा तो यह भी है कि किसी की जमीन पाटने के लिए नपा यह कवायद कर रही है। वैसे नपा प्रशासन ऐसी किसी कवायद से इंकार कर रहा है। शहर से प्रतिदिन 15 से 20 ट्राली कूड़ा निकलता है। जिसके निस्तारण के लिए अब नपा प्रशासन के पास रानी की सराय के पास मझगावां में जमीन भी उपलब्ध है। बरसात के मौसम में रास्ते की समस्या थी, जिसके चलते नपा प्रशासन कूड़ा इधर-उधर गिरा रहा था लेकिन वर्तमान में डंपिंग ग्राउंड जाने का रास्ता ठीक हो चुका है, इसके बाद भी कूड़े का निस्तारण बवाली मोड़-करतालपुर बाईपास पर स्थित बाग लखराव पुल के बगल में स्थित एक जमीन पर गिराया जा रहा है। जिस स्थान व जमीन पर कूड़े का निस्तारण किया जा रहा है वह जमीन नदी तट से चंद कदम की दूरी पर है और निश्चित तौर पर उक्त स्थान पर कूड़े के निस्तारण से नदी प्रदूषित होगी। इसके बाद भी नपा प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। चर्चा तो इस बात की भी है कि जिस जमीन पर कूड़ा निस्तारित हो रहा है, उसे पाट कर ऊंचा करने के लिए यह कवायद की जा रही है, हालांकि नपा प्रशासन इस बात से इंकार कर रहा है।
नदी किनारे ही फेंके जा रहे है मेडिकल वेस्ट, संक्रमण का खतरा
आजमगढ़। शहर से निकलने वाले कूड़े-कचड़े के साथ ही तमसा किनारे ही इन दिनों मेडिकल वेस्ट का भी निस्तारण किया जा रहा है। बागलखराव पुल के पास ही भारी मात्रा में एक्सपाईरी दवाओं के साथ ही प्रयोग हुई सीरिंज आदि भी भारी मात्रा में फेकी हुई मिली। इतना ही नहीं शहर में स्थित नरौली पुल, सिधारी पुल आदि के पास भी मेडिकल वेस्ट का निस्तारण लगातार किया जा रहा है, लेकिन नपा प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेडिकल कचड़े के चलते संक्रामक रोग फैल सकता है।
बाग लखराव पुल के पास कूड़ा फेेंका नहीं जा रहा बल्कि उस स्थान पर सुबह के वक्त कूड़ा एकत्र किया जाता है, ताकि समय से शहर का कूड़ा उठा लिया जाए। उसके पश्चात वहां से सारा कूड़ा उठा कर डंपिंग ग्राउंड भेज दिया जाता है। किसी की जमीन पाटने आदि के आरोप पूरी तरह से निराधार है। फिर भी यदि ऐसी शिकायत है तो जांच कराऊंगा।
वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव, ईओ नगर पालिका, आजमगढ़।
डंपिंग ग्राउंड पर अभी कूड़ा नहीं भेजा जा पा रहा है, इसके पीछे कारण यह है कि नये बने रास्ते में दो बिजली के खंभे है, जिसे हटाने के लिए कई बार एसडीएम व संबंधित विभाग से कहा जा चुका है, लेकिन अब तक खंभा न हटने से कूड़ा वहां नहीं जा पा रहा है। फिलहाल कूड़े का निस्तारण तहबरपुर क्षेत्र में कराया जा रहा है।
शीला श्रीवास्तव, चेयरमैन, नपा आजमगढ़।