आजमगढ़। बकरीद त्योहार की तैयारी में लोग बकरों की खरीदारी जमकर कर रहे है। गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष बकरों के दाम में काफी बढ़ोत्तरी हुई है। कुर्बानी के इस पर्व पर लोग अपनी हैसियत के मुताबिक बकरों की खरीदारी कर रहे है। जिन लोगों की हैसियत नहीं होती है उनके लिए कुर्बानी कराना जरुरी नहीं बताया गया। बकरों की बाजार तकिया और कर्बला के मैदान में लग रही है। इस वर्ष चार हजार से लेकर 30 हजार तक के बकरे बाजार में है। बकरों की लगी इस बाजार में देहात क्षेत्रों के व्यापारी आ रहे है। बकरों की बाजार में कई नस्ल के बकरे देखे जा रहे है। देसी छोटे कद के बकरों की कीमत चार हजार, उससे बड़े छह हजार से आठ हजार, बिना सिंग वाले बकरे की कीमत 15 हजार से बीस हजार, लंबे कद और लंबे कान वाले राजस्थानी बकरे 25 से 30 हजार रुपये तक के बिक रहे है। लेकिन सबसे ज्यादा देसी बकरे ही बिक रहे है। इस वर्ष बकरों की कीमत में एक हजार से दो हजार तक हुई है।
किमामी और बारीक सेवई की जमकर हुई खरीदारी
आजमगढ़। बकरीद त्योहार पर मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र तकिया में सेवई, तेल में छानने वाले सामानों की दुकानें सज गई है। बकरीद त्योहार का मुख्य पकवान सेवई की खरीदारी लोग जोर-शोर से की जा रही है। सबसे ज्यादा किमामी सेवई और सबसे बारीक सेवई की लोग खरीदारी कर रहे है। बाजार में कई प्रकार की सेवइयां है तो विभिन्न प्रकार के तलीय पदार्थ भी बिक रहे है। सेवइयों में मोटी सेवई चालीस रुपया प्रति किलो ग्राम, उससे महीन साठ रुपया और सबसे बारीक सेवई अस्सी रुपया किलो है। किमामी सेवई अस्सी से लेकर एक सौ दस रुपया किलो बिक रही है। किमऽामी सेवई हल्के मीठे और मेवे के साथ सिर्फ दूध में ही बनाई जाती है। त्योहार में कम समय रह जाने के कारण बाजार में सेवई खरीदने वालों की भीड़ हो रही है। तलीय पदार्थो में रोटी वाला पापड़ दो सौ ग्राम तीस रुपया, साबुदाना का 15 रुपया पाव, सोयाबीन का बना 25 रुपया पाव सामान बिक रहा है।
ईदगाह में 7.30 बजे आज होगी बकरीद की नमाज
आजमगढ़। जमा मस्जिद के इमाम मौलाना इंतेखाब आलम कासमी ने बताया कि 22 अगस्त को ईदगाह में बकरीद की नमाज प्रात:7.30 बजे होगी। बारिश होने की हालात में नमाज के समय की घोषणा कराई जाएगी। दलालघाट स्थित मस्जिद में नमाज 7.15 बजे, रसाद नगर स्थित मदरसा जमातुर्रशाद में 7.00 बजे से नमाज पढ़ाई जाएगी। शिया कमेटी के चेयरमैन अजादार हुसैन ने बताया कि मुहल्ला बदरका स्थित शिया मस्जिद में नमाज प्रात: 8.30 बजे और मुहल्ला सीता राम स्थित मिर्जा मुगलबेग जामिया इमाम मेहदी में प्रात:9.30 बजे बकरीद की नमाज अदा होगी। इसी प्रकार मंडल कारागार में बंदियों को बकरीद की नमाज प्रात:8.00 बजे पढ़ाई जाएगी।