आजमगढ़। जनपद को ओडीएफ कराने को लेकर जिला प्रशासन प्रयासरत है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही होने पर संबंधित के विरुद्घ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी लापरवाही के क्रम में जिला पंचायत राज अधिकारी आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने मंगलवार को बिलरियागंज विकास खंड के खंड प्रेरक की सेवा समाप्त कर दी।
भारत सरकार की ओर से दो अक्टूबर तक पूरे देश केे ओडीएफ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। 2014 से लेकर 2017 तक जनपद को ओडीएफ कराने की दिशा में विशेष प्रयास नहीं किया गया। जिसका परिणाम हुआ कि इन चार सालों में मात्र 88 गांवों को ही ओडीएफ कराया जा सका। लेकिन वर्तमान वित्तीय वर्ष में जनपद को ओडीएफ कराने की दिशा में तेजी से कार्य शुरू हुआ है। पूरा प्रशासनिक अमला जनपद को ओडीएफ कराने में जुटा हुआ है। जिसका परिणाम है कि 2018 में अब तक 331 गांवों को ओडीएफ कराया जा चुका है। इस दौरान अधिकारी इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई करने से नहीं चूक रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिला पंचायत राज अधिकारी आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने बिलरियागंज विकास खंड के खंड प्रेरक नवतेज गुप्ता की सेवा लापरवाही के आरोप में समाप्त कर दी। उनकी इस कार्रवाई से खंड प्रेरकों में हड़कंप मचा हुआ है।
0000000000000000000
जहां एक तरफ पूरा सरकारी अमला जनपद को ओडीएफ कराने में जुटा हुआ है। वहीं बिलरियागंज विकास खंड के खंड प्रेरक नवतेज गुप्ता द्वारा इसके प्रति लापरवाही बरती जा रही थी। एडीओ पंचायत की ओर से इसकी बार-बार शिकायत की जा रही है। उनके इस आरोप के क्रम में आज खंड प्रेरक की सेवा समाप्त कर दी गई है। अगर और भी कहीं ओडीएफ को लेकर इस तरह की लापरवाही पायी जाती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी।