आजमगढ़। आदर्श अनौपचारिक शिक्षा अनुदेशक-पर्यवेक्षक वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक रविवार को कुंवर सिंह उद्यान में हुई। बैठक में समायोजन के मुद्दे पर चर्चा करने के साथ ही आंदोलन की रणनीति तय की गई। न्यायालय में चल रहे समायोजन के मुकदमें पर भी चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष सारंगधारी यादव ने कहा कि 17 वर्षो से प्रदेेश की सरकारें शिक्षा अनुदेशकों और पर्यवेक्षकों को सिर्फ आश्वासन का ही घुट्टी पिला रही है। सभी दल सत्ता में आने के पूर्व तक तो समायोजन की बात करते है, लेकिन सत्ता मिलते ही वे अपने समायोजन के आश्वासन को भूल जाते है। सरकारों के वादा खिलाफी से क्षुब्ध होकर हजारों की संख्या में अनुदेशकों और पर्यवेक्षकों ने इलाहाबाद न्यायालय में समायोजन के लिए याचिका दाखिल कर दी है। जिस पर न्यायालय बार-बार सरकार से जवाब मांग रही है, लेकिन सरकार जवाब नहीं दे रही। इस पर प्रांतीय नेतृत्व ने मुख्यमंत्री को भी प्रार्थना पत्र दिया। जिस पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने बेसिक शिक्षा विभाग को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है। जिला संरक्षक कृष्ण मोहन उपाध्याय ने कहा कि जब तक सभी अनुदेशकों और पर्यवेक्षकों का समायोजन नहीं हो जाता तब तक संगठन का आंदोलन जारी रहेगा। बिहार सहित अन्य कई प्रांतों में अनुदेशकों का समायोजन हुआ है, उसी तर्ज पर उत्तर प्रदेश में भी समायोजन होना चाहिए। बैठक में जब तक समायोजन नहीं हो जाता तब तक आंदोलन जारी रखने और संगठन की अगली बैठक् 28 जनवरी को कुंवर सिंह उद्यान में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर लालसा प्रसाद यादव, अशोक कुमार, सीताराम, गुलाब, रामवृक्ष, सभाजीत, मंशाराम, शंभू, भोला, कुसुमलता आदि मौजूद रहे।