आजमगढ़। ऊसर भूमि सुधार कार्यक्रम की समीक्षा को लेकर शनिवार की शाम जिलाधिकारी ने कैंप कार्यालय पर बैठक की। बैठक में उन्होंने ऊसर भूमि सुधार कार्यक्रम में तेजी लाने का निर्देश दिया। बैठक में जिलाधिकारी को बताया गया कि जिले में भूमि सुधार कार्यक्रम के तहत 25 ग्रामों में कार्य चल रहा है। जिसके तहत 660.526 हेक्टेयर भूमि का चयन हुआ है।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने कहा कि ऊसर भूमि को सुधार कर खेती योग्य बनाने के कार्य में तेजी लाया जाए। चयनित भूमि को उपजाऊ बनने के लिए मेड़ बंदी, समतलीकरण, जुताई व फील्ड ड्रेन के साथ ही अन्य कार्य कराए जाएं। परियोजना प्रबंधक अरविंद कुमार सिंह ने ऊसर भूमि के सुधार को लेकर बीते तीन माह में हुए कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसानों में जिप्सम का वितरण कराने के साथ ही कृषि व पशुपालन विभाग द्वारा शिविर लगा कर किसानों को आवश्यक जानकारियां दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में पांच कृत्रिम गर्भाधान केंद्र का गठन का संचालन कराया जा रहा है। बाजार व्यवस्था के तहत पंचायती राज विभाग द्वारा तीन सोडिक हाट का निर्माण पूरा करा लिया गया है, जिसमें दो सोडिक हाट बनकट व भुजही में बाजार व्यवस्था का संचालन भी शुरू हो चुका है। बैठक में जिला विकास अधिकारी विजय कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वीके सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार मिश्र, जिला विकास अधिकारी नाबार्ड शशिभूषण, जिला कृषि अधिकारी डॉ. उमेश कुमार गुप्ता समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।