आजमगढ़। हवा से इंजन चलाने की तकनीक का विकास करने वाले मुहम्मदपुर विकास खंड के दयालपुर गांव निवासी जयकार चौहान की मदद को एडीएम प्रशासन ने सहयोग का हाथ बढ़ाया है। उन्होंने उनकी रिसर्च में मदद के लिए विज्ञान एंव प्रौद्योगिकी परिषद के संयुक्त निदेशक डा. डीके श्रीवास्तव से बात कर उसे हर मदद उपलब्ध कराने की अपील की।
जयकार चौहान ने हवा चलने वाला इंजन विकसित किया है। उसकी इस कला से हर कोई हैरान है। लेकिन अपनी इस प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए उसे संसाधनों के अभाव का सामना करना पड़ रहा है। अपनी तकनीक में और सुधार के लिए उसे मदद की आवश्यकता है। इसके लिए वह शुक्रवार को एडीएम प्रशासन लवकुश त्रिपाठी के पास पहुंचा। एडीएम प्रशासन ने तत्काल विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के संयुक्त निदेशक से बात की और जयकार की मदद करने की अपील की। उनकी अपील पर संयुक्त निदेशक ने जयकार को केंद्र में बुलाया और हर संभव मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।