आजमगढ़। थानाध्यक्ष अपराधियों के लिए सख्त तथा जनता के प्रति सहृदय होकर कार्य करें। जन-प्रतिनिधियों का सम्मान करें। शनिवार को प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार और डीजीपी सुलखान सिंह ने थानाध्यक्षों संग बैठककर उन्हें ताकीद किया।
प्रमुख सचिव गृह ने कहा कि विशेष रूप से महिला, अनूसुचित जाति एवं जनजाति और बच्चों के प्रति हुए अपराधों में त्वरित और सख्त कार्यवाही करें। भू-माफियाओं के खिलाफ कार्यवाही में तेजी लाएं। कार्य करने का तरीका किसी पक्ष को परेशान करने का नही बल्कि समस्या को निपटाने का होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जन-प्रतिनिधियों से वार्ता के दौरान पासपोर्ट के संबंध में शिकायतें मिली है, जिसमें सुधार की आवश्यकता है। भविष्य मे ऐसे मामलो में निलंबन के साथ ही बर्खास्तगी की भी कार्यवाही की जायेगी। जनप्रतिनिधियों के सुझावों और प्राविधानों के अन्तर्गत कार्यवाही करें। जो कार्य नही हो सकता है, उसकी वजह बताते हुए उनको स्थिति से अवगत करा दें। यदि किसी वजह से उनका फोन नहीं उठा सकते है तो कॉल बैक करके उनसे वार्ता कर लें। परन्तु किसी भी दशा में उनका पूरा सम्मान होना चाहिए।
पुलिस महानिदेशक सुलखान सिंह ने कहा कि व्यवसाय करने वाले पुलिसकर्मी जिले के बाहर तैनात किए जाएंगे। उन्होने प्रत्येक थानावार स्थानान्तरित पुलिसकर्मी तथा कार्यमुक्त किए गये पुलिस कर्मी के बारें में विवरण लिया तथा निर्देश दिया कि स्थानांतरित किए गए पुलिसकर्मी रुके हो तो उन्हे तत्काल कार्यमुक्त किया जाए। डीजीपी ने शराब, ड्रग्स, तम्बाकू एवं अन्य नशा के समानों के खिलाफ निरन्तर अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने थानों में लंबित मुकदमों की जांच में तेजी लाने को कहा। इस दौरान अपर पुलिस महानिदेशक कानून आनंद कुमार, विशेष सचिव गृह पंकज कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी विश्वजीत महापात्र, मंडलायुक्त रविंद्र नायक, डीआईजी उदयशंकर जायसवाल, डीएम चंद्रभूषण सिंह, एसपी अजय कुमार साहनी, एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह, एसपी सिटी सुभाष चंद्र गंगवार के अलावा सभी सीओ और थानाध्यक्ष मौजूद रहे।