आजमगढ़। यूपी बोर्ड कंपार्टमेंट परीक्षा की परीक्षा शनिवार को शिब्ली नेशनल इंटर कालेज व डीएवी इंटर कालेज में हुई। दोनों पालियों की परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में कराई गई। हाईस्कूल के 638 परीक्षार्थियों में से 60 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं इंटरमीडिएट से 368 परीक्षार्थियों में से 25 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। कोविड-19 के खतरे को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान दिया गया। थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही छात्रों को परीक्षा हाल में प्रवेश दिया गया।
माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश प्रयागराज वर्ष 2020 की इंटरमीडिएट व हाईस्कूल के इंप्रूवमेंट एवं कंपार्टमेंट के लिए अर्ह आवेदन पत्र भरने वाले परीक्षार्थियों की परीक्षा शनिवार को दो पालियों में हुई। प्रथम पाली (हाईस्कूल) सुबह आठ बजे से 11.15 बजे तक एवं द्वितीय पाली अपराह्न दो बजे से 5.15 बजे तक संपन्न हुई। शिब्ली नेशनल इंटर कालेज में प्रथम पाली में हाईस्कूल की परीक्षा हुई। जिसमें 578 परीक्षार्थी ही शामिल हुए। वहीं डीएवी इंटर कालेज में इंटरमीडिएट की परीक्षा में 343 परीक्षार्थी शामिल हुए। वहीं डीआईओएस कार्यालय में बनाए गए कंट्रोल रूम से बैठकर ऑनलाइन निगरानी की गई।