रानी की सराय। क्षेत्र से होकर गुजरी नहर की सफाई में सिंचाई विभाग द्वारा बरती गई लापरवाही का खामियाजा किसानों को अब भुगतना पड़ रहा है। नहर का तटबंध कटने से आसपास 60 बीघा गेहूं की फसल में पानी भर गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सिंचाई विभाग की लापरवाही का नतीजा हम किसानों को भुगतना पड़ रहा है। नहर के सही से साफ-सफाई न होने की शिकायत जेई से की गई थी, लेकिन ध्यान नहीं दिया।
क्षेत्र के बीबीपुर, सेठवल से शारदा सहायक खंड-32 निकली है। बीते दिनों विभाग ने नहरों की सफाई आदि कराई थी। इसको लेकर ग्रामीणों ने जेई को अवगत भी कराया। लेकिन जेई लापरवाह बने रहे। जिसका परिणाम यह रहा कि अभी एक दिन पूर्व पंदहां, चकसेठवल के पास नहर कटने से लगभग 20 बीघा फसल पानी में डूब गई थी।
अभी वहां किसान इस सदमे से उबर नहीं पाए थे कि अधिक पानी होने के कारण बीबीपुर और सेठवल गांव के पास नहर कट गई। किसानों ने इसकी सूचना विभाग को दी है। लेकिन अभी तक मौके पर नहर विभाग का कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा है।
किसानों ने प्रयास किया लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। किसानों ने सिंचाई विभाग के जेई ने मौका मुआयना कर नहर सही कराने के साथ मुआवजा दिलाने की मांग की है।