आजमगढ़। मुबारकपुर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस बल पर जानलेवा हमला करने व अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो हंसिया भी बरामद किया है।
उक्त मामले में कुल पांच महिला व एक पुरुष शामिल है। थाना प्रभारी शशि मौली पांडेय ने बताया कि 31 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक मुरारी मिश्र अपनी टीम के साथ थाना जहानागंज पर पंजीकृत गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ग्राम मलिकसुदनी में दबिश देने गए थे।
इसी दौरान विमलेश यादव व अन्य नामजद लोगों ने हंसिया व डंडा लेकर पुलिस टीम पर हमला कर दिया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की, जिससे वांछित आरोपी मौके से भाग निकला। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना शुरु की और आरोपियों की तलाश में जुट गई।
गिरफ्तारी के दौरान उपनिरीक्षक धीरेंद्र नारायण शुक्ल टीम के साथ टड़िया चौराहे पर मौजूद थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि संबंधित आरोपी मलिकसुदनी तिराहे पर कहीं जाने की फिराक में खड़े हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आवश्यक बल प्रयोग करते हुए विमलेश यादव सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों में मलिकसुदनी गांव निवासी विमलेश यादव, पूजा कुमारी, रेखा यादव उर्फ प्रीती, गुड़िया यादव निवासी भोजपुर पतिला थाना महराजगंज (वर्तमान पता– मलिकसुदनी थाना मुबारकपुर), नीलम यादव निवासी मलिकसुदनी और सरिता निवासी गोडारी थाना जीयनपुर शामिल हैं। तलाशी के दौरान आरोपी विमलेश यादव के कब्जे से 5800 रुपये नगद व एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और आरोपी गुड़िया यादव के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो हंसिया भी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त विमलेश यादव के विरुद्ध पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।