आजमगढ़। जनपद के दक्षिणी और पश्चिमी क्षेत्रों में मंगलवार की रात में लगभग 10 बजे अचानक मौसम बदल गया। आंधी के साथ हुई बारिश के कारण मार्टिनगंज, लालगंज क्षेत्र में 58 बिजली के खंभे टूट गए। 55 जगहों पर बिजली के तार पर पेड़ की डाल गिर गई। इस कारण 100 से ज्यादा गांवों में 20 घंटे तक बिजली नहीं रही। बुधवार की दोपहर बिजलीकर्मियों ने फॉल्ट ठीक करके आपूर्ति बहाल किया।
मेंहनगर में आठ स्थानों पर बिजली के खंभे और 20 स्थानों पर पेड़ की डाल टूटकर बिजली के तार पर गिर गए। इससे करीब 45 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। करौती गांव में एचटी लाइन का तार टूट गया। एसडीओ प्रीतम चौरसिया ने बताया कि सभी फीडरों पर काम चल रहा है। अमौड़ा फीडर के दो गांवों के छोड़कर सभी गांव की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। बरदह और मार्टीनगंज क्षेत्र में 50 बिजली के खंभे टूटकर गिर गए। 35 जगहों पर डाल गिरने से तार टूट गए। दोनों क्षेत्रों के 55 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बेलवाना-भादो, बर्रा मार्टीनगंज फीडर पर सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। एसडीओ अभिनव कुमार ने बताया कि जहां तार टूटे हैं वहां फॉल्ट ठीक करने के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई है। जहां पोल टूटे हैं वहां दूसरी तरफ से लाइन चालू की गई है।