09 डीएवी पीजी कालेज के मैदान में सजने लगी पटाखा की दुकानें। संवाद
आजमगढ़। दीपावली के लिए डीएवी पीजी कॉलेज समेत जिले के 53 स्थानों पर पटाखों की दुकानें लगेंगी। रविवार से दुकानों पर पटाखों की बिक्री शुरू हो जाएगी। जिले की आठ तहसीलों में 528 अस्थायी लाइसेंस आवंटित किए गए हैं, एनओसी के बाद इनके लाइसेंस जारी कर दिए गए हैं।
प्रशासन के आंकड़ों पर गौर करें तो जिला में मात्र सात दुकानदारों के पास पटाखा बेचने के लिए परमानेंट लाइसेंस जारी किया गया है। वहीं, दीपावली आने पर जिला प्रशासन की ओर से जिले की आठ तहसीलों में पटाखा की दुकानें लगाई जाएंगी। इसके लिए प्रशासन ने दुकानदारों को 72 घंटे के लिए अस्थायी लाइसेंस जारी किया है।
सदर तहसील में डीएवी पीजी काॅलेज के मैदान के साथ ही तीन स्थानों पर दुकानें लगी हैं। सभी तहसीलों में पटाखा की दुकानें एक साथ लगी हैं। साथ ही उन स्थानों पर जगह-जगह आग्निशमन की गाड़ियां लगाई गई हैं। जिससे आग लगने पर काबू पाया जा सके।
डीएम रविंद्र कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने थाना बरदह क्षेत्र के ग्राम ठेकमा में पटाखा बाजार स्थल का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अग्निशमन प्रबंध, यातायात नियंत्रण और जनसुरक्षा से संबंधित सभी आवश्यक बिंदुओं की समीक्षा की। इसके साथ ही दुकानदारों और संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा उपायों और दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि त्योहार पर पटाखों की बिक्री एवं उपयोग शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में हो। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।