फरिहां। रानी की सराय ब्लाक के सुराही गांव में फैले संक्रामक बीमारी के बाद हरकत में आये स्वास्थ्य विभाग की जांच में चार मरीजों में हेपेटाइटिस बी की पुष्टि हुई है। वहीं एक अन्य मरीज की रिपोर्ट निगेटिव आई है। हेपेटाइटिस बी की पुष्टि के बाद गांव में हड़कंप है।
सुराही गांव में दर्जन भर लोगों के संक्रामक रोग से बीमार होने की खबर अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद स्वास्थ्य महकमा सक्रिय हुआ था और बुधवार को गांव में स्वास्थ्य महकमे की टीम ने डेरा डाल कर घर-घर मरीजों की तलाश कर उन्हें दवा उपलब्ध कराने व बचाव के तरीके बताने की कवायद में जुटी रही। इस दौरान गंभीर बीमार निकले पांच लोगों के ब्लड का सेंपल भी जांच के लिए लिया गया था। जिसकी रिपोर्ट गुरुवार को आ गई। जांच रिपोर्ट में चार मरीजों में हेपेटाइटिस बी की पुष्टि हुई है। सरकारी अस्पताल के प्रभारी डॉ. आरएस मौर्या ने बताया कि हेपेटाइटिस बी गंदगी व दूषित पानी आदि से नहीं फैलता है। इसका कारण ब्लड व सेक्सुअल रिलेशन मुख्य रूप से होता है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सुराही गांव के बीमार लोगों की सबसे बड़ी समस्या यह है कि वे अपना इलाज आसपास के डॉक्टरों से ही कराते है, जबकि यदि स्थानीय स्तर पर फायदा नहीं हो रहा है तो उन्हें बेहतर इलाज के लिए बाहर निकलना चाहिए।