लाटघाट। सगड़ी तहसील क्षेत्र के लाटघाट बाजार में चौड़ीकरण के बाद महीनों से खोद कर छोड़ी गई सड़क और मानक के विपरीत बनाई जा रही नाली को लेकर शुक्रवार को बाजार वासियों का धैर्य जवाब दे गया। इसको लेकर खफा नगर के बाशिंदों ने प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग की ओर से बाजार से न अतिक्रमण हटाया गया और न ही पटरियां बनाई गई हैं, जो बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
बाजार में सड़क के किनारे बनाई जा रही नाली के लिए सड़क तक खुदाई की गई है। सड़क के दोनों तरफ काफी जगह के बाद भी न तो अतिक्रमण हटाया गया और न ही सड़क किनारे पटरियां बनाई गईं। नाली निर्माण में दोयम दर्जे की ईंट का प्रयोग किया जा रहा है। नाली को खुला ही छोड़ दिया गया है। ऊपर पटिया तक नहीं डाली गई है। वहीं, चौक के दक्षिण में महीनों से सड़क खोद कर छोड़ दी गई है। इससे जाम की स्थिति बनी रह रही है। बाजारवासियों ने कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और कार्यदायी संस्था से शिकायत की, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने एक नहीं सुनी। बाजारवासियों का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से घटिया निर्माण किया जा रहा और पटरी भी नहीं बनाई जा रही है। नाली सड़क से सटा कर बनाने से बड़ी दुर्घटना हो सकती है। प्रदर्शनकारियों में अनिल मिश्रा, रामबचन यादव, सर्वजीत यादव यादव, धनन्जय राय, गुड्डू आदि रहे। अवर अभियंता वीरेंद्र ने बताया कि जहां जगह मिली है, वहां पटरी बनाई जाएगी। अतिक्रमण हटाया जाएगा।